NationalPoliticsUP Live

पाकिस्तानी कर रहे भारत की तारीफ, पर यहां कुछ लोग कर रहे झूठ की राजनीति

सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई : राजनाथ सिंह

लखनऊ : पाकिस्तान की संसद के एक संसद सदस्य ने भारत की तारीफ करते हुए कहा है कि आज भारत विश्व की महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है जबकि वह हमारे बारे में अच्छी बात सोचता नहीं है। यह मोदी की गारंटी ही है, जो उसने मान लिया है कि भारत विकास के पथ पर तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। वहीं यहां पर कुछ राजनीतिक पार्टियां अपने निजी स्वार्थ के लिए पाकिस्तान का समर्थन करती हैं। यह झूठ बोलकर हमारे बीच गलतफहमी पैदा करती हैं। भारतीय जनता पार्टी कभी झूठ बोलकर राजनीति नहीं करती है। हम एक सार्थक और जनहित की राजनीति करते हैं।

बीजेपी सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए राजनीति करती है। ये बातें गुरुवार को रक्षा मंत्री और लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने राजधानी के राजाजीपुरम में जनसभा में कही। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश का विकास बिना कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किये बिना नहीं किया जा सकता है। सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है, जिसकी वजह से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का घाेंटा था गला
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बर्बाद पाकिस्तान खुद को बचाने के लिए दुनिया के सामने भीख मांग रहा है। वहां पर हिंदुस्तान के समर्थन में नारे लग रहे हैं। वहीं यहां पर कुछ राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान की तरफदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व के जाने माने राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार देश में एनडीए 400 से अधिक सीटों का नेतृत्व करने जा रही है, लेकिन यह ये लोग मानने को तैयार नहीं है। यह जनता जनार्दन के भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास और उत्साह को समझने को तैयार नहीं हैं। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यह सिर्फ झूठ की राजनीति करते हैं।

इंदिरा गांधी ने वर्ष 1975 में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। इन्होंने 132 बार संविधान में बदलाव का काम किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में एक भी संविधान में बदलाव नहीं किया है। इनके पास मुद्​दों का आकाल है इसलिए यह अनाप शनाप बातें कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि पहले भारत की बात कोई गंभीरता से नहीं सुनता है, लेकिन आज पूरी दुनिया का ध्यान भारत की ओर है। आज विश्व के बड़े बड़े विद्वानों का कहना है कि वर्ष 2027 तक भारत दुनिया की टॉपर थ्री अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। आज दुनिया के सभी देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष कहते हैं कि 21 वीं सदी अगर किसी देश की है तो वह भारत की है।

राजधानी को जाम मुक्त करने को 13 फ्लाईओवर स्वीकृत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है क्याेंकि इन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़कर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। राजधानी लखनऊ में लालकुआं और हैदरगंज का फ्लाईओवर से जाम की समस्या को काफी कम किया गया है। वहीं राजधानी को जाममुक्त करने के लिए 13 फ्लाईओवर स्वीकृत हैं, केवल काम होना शेष है। आठ लेन की 104 किलोमीटर रिंग रोड किसान पथ का निर्माण पूरा हो चुका है। आज लखनऊ एयरपोर्ट विश्वस्तरीय एयरपोर्ट बन गया है।

इसके साथ ही त्रिवेणीनगर रेलवे स्टेशन भी विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन होगा। आलमनगर रेलवे स्टेशन का भी काफी डवलपमेंट हुआ है। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था एक लैंडमार्क है। आज इसकी चर्चा देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में भी खूब हो रही है। पहले प्रदेश में सपा और बसपा सिर्फ विकास की बातें करती थी, लेकिन आज विकास दिख रहा है। कांग्रेस पहले सेना के हथियारों को विदेशों से खरीदती थी जबकि आज हम खुद बना रहे हैं। इसके अलावा दूसरों देशों को भी एक्सपोर्ट कर रहे हैं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और मेयर सुषमा खर्कवाल आदि उपस्थित थे।

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button