Varanasi

अब रिश्वत मांगने वालों की खैर नहीं, वाराणसी नगर निगम ने जारी किया सीधा शिकायत नंबर

वाराणसी नगर निगम ने भ्रष्टाचार और अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि निगम से जुड़े किसी भी कार्य में रिश्वत या अवैध धन मांगने पर नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

वाराणसी : नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने भ्रष्टाचार, अवैध धन वसूली और अनधिकृत शुल्क वसूलने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से एक विशेष लैंडलाइन हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया गया है, जिस पर आम नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निगम से संबंधित किसी भी कार्य के बदले कोई अधिकारी, कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति अवैध रूप से धन की मांग करता है, तो पीड़ित व्यक्ति तुरंत इस हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दे सकता है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली के खिलाफ खुलकर सामने आएं और बिना डर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग निर्भीक होकर जानकारी साझा कर सकें।

नगर निगम प्रशासन ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी निगम कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और जलकल विभाग के नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक सूचना चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स, सूचना पट्टों और अन्य माध्यमों से कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि शहर के अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।

नगर निगम के इस कदम को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा।

योगी राज में अपराधियों का अंत, जानिए किस जोन में हुए सबसे ज्यादा एनकाउंटर

Related Articles

Back to top button