यूपी विधानसभा में अब दिखेगा नया अंदाज, CM योगी ने किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ स्थित विधान भवन में नवीनीकृत कॉरिडोर, विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण और आधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विधानसभा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वदलीय बैठक से पहले रविवार को विधान भवन में अनेक विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य, विधान भवन भूतल स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके पश्चात विधानसभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो समेत अनेक कार्यों का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जैसे बने मॉडल के भीतर बैठकर उत्तर प्रदेश के इतिहास व विरासत को संजोती धार्मिक तस्वीरों को देखा। यूपी की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य आदि की झलक भी देखी। उन्होंने पॉडकास्ट स्टूडियो का अवलोकन किया। सदन के भीतर जाकर भी वहां की व्यवस्थाओं आदि का भी जायजा लिया।
इसके पहले विधानसभा पहुंचने पर अध्यक्ष सतीश महाना ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त/संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।



