UP Live

सिर्फ पढ़ाई नहीं, रोजगार भी: योगी सरकार के टैबलेट में छिपे हैं युवाओं का भविष्य बदलने वाले 18 हजार से अधिक फ्री कोर्स

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए टैबलेट वितरण योजना को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनसे करीब तीन करोड़ लोगों तक डिजिटल सुविधाओं का लाभ पहुंचा है। टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। युवा साथी ऐप के जरिए विद्यार्थी सरकारी योजनाओं, स्कॉलरशिप, इंटर्नशिप, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

लखनऊ : बदलते दौर में शिक्षा का दायरा अब किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं रह गया है। डिजिटल तकनीक ने सीखने के तौर-तरीकों को बदलने के साथ युवाओं के सामने कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोले हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थी के हाथ में एक ऐसा डिजिटल उपकरण हो, जिसमें पढ़ाई के साथ हजारों ऑनलाइन कोर्स, कौशल प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध हो, तो यह उसके भविष्य को नई दिशा देने वाला माध्यम बन सकता है। उत्तर प्रदेश में युवाओं को टैबलेट वितरण के पीछे योगी सरकार की सोच भी इसी व्यापक बदलाव से जुड़ी है। सरकार इसे महज एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं की शिक्षा, कौशल और रोजगार क्षमता में दीर्घकालिक निवेश के रूप में देख रही है।

प्रदेश में अब तक 60 लाख से ज्यादा युवाओं को उपलब्ध कराए गए इस डिजिटल संसाधन का लाभ लगभग तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है। इसकी वजह यह है कि टैबलेट का उपयोग केवल विद्यार्थी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से उनके परिवार भी ई-गवर्नेंस, डिजिटल पेमेंट और हेल्थ सर्विसेज जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहे हैं। इस तरह विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की पहल परिवारों तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने का माध्यम भी बन रही है।

टैबलेट में 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स

युवाओं को केवल डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराना ही इस पहल का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उसका उपयोग शिक्षा और रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने में हो, इस पर भी जोर दिया गया है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने इन्फोसिस के साथ साझेदारी की है। इसके तहत टैबलेट में 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की जरूरतों के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का चयन कर सकते हैं। इससे नियमित शिक्षा के साथ अतिरिक्त कौशल हासिल करने और रोजगार के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टैबलेट को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताते हुए कहा है कि यह उनके स्वयं सीखने, कौशल विकसित करने और आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है। सरकार की मंशा है कि तकनीक का लाभ केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहे, बल्कि युवा व्यावहारिक कौशल के साथ रोजगार की प्रतिस्पर्धा में भी आगे बढ़ें।

युवा साथी ऐप: योजनाओं से लेकर रोजगार तक एक ही प्लेटफॉर्म पर जानकारी

युवाओं के सामने अक्सर चुनौती यह भी होती है कि उनके लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कौन-कौन सी योजनाएं संचालित हैं, उनकी पात्रता क्या है और आवेदन कैसे किया जा सकता है। इस समस्या के समाधान के लिए टैबलेट में युवा साथी ऐप उपलब्ध कराया गया है। इस ऐप पर युवाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलती है।

बीए, बीएससी, एमए, एमएससी, बीटेक अथवा अन्य डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद रोजगार की तलाश कर रहे युवा भी इसका लाभ उठा सकते हैं। ऐप पर स्कॉलरशिप, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का विवरण उपलब्ध है। इसके जरिए युवा अपनी योग्यता और जरूरत के अनुरूप रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आधुनिक तकनीक और बेहतर क्षमता से लैस टैबलेट

विद्यार्थियों को दिए जा रहे टैबलेट की तकनीकी संरचना भी इसे अध्ययन और डिजिटल गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाती है। इनके विनिर्देश भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के मानकों के अनुरूप निर्धारित हैं। इनमें 1.8 गीगाहर्ट्ज ऑक्टा-कोर प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज की सुविधा है। इसके अलावा 5000 एमएएच की बैटरी और 8 इंच की आईपीएस कैपेसिटिव मल्टीटच डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिजॉल्यूशन 1280×800 पिक्सल है। इन तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं, डिजिटल अध्ययन सामग्री, निशुल्क पाठ्यक्रमों और कौशल विकास से जुड़े संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं।

यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक वितरित होंगे नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button