Varanasi

मोदी के 25 साल, सेवा का नया संकल्प: 17 सितंबर से पूरे प्रदेश में भाजपा का महाअभियान

वाराणसी में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को समर्पित एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी तेज कर दी है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में लाभार्थियों से संवाद, ‘आशीर्वाद का दीया’, कॉलेजों में प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, सक्सेस स्टोरी रील, सेवा ज्योति यात्रा और सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने अभियान को बूथ स्तर तक जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।

वाराणसी  : प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित इस अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान को केवल कार्यक्रमों की औपचारिकता तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी का व्यापक माध्यम बनाने और सरकार की उपलब्धियों को लाभार्थियों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव की कहानियों के रूप में प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया है।

प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में भाग लेकर वाराणसी लौटे भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बुधवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा तय कार्यक्रमों और अभियान की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता का आधार अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता, अधिकतम सेवा और उसका प्रभावी क्रियान्वयन होगा। इसके लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक केंद्रित कार्ययोजना तैयार करनी होगी।

अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल निर्धारित कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रखा जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को ‘सक्सेस स्टोरी’ के रूप में समाज के सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि हर शक्ति केंद्र, हर बूथ और हर क्षेत्र में ऐसी दर्जनों कहानियां मौजूद हैं। योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बने परिवार, रोजगार प्राप्त करने वाले युवा तथा बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित नागरिक बदलते भारत और बदलते उत्तर प्रदेश की सबसे प्रभावी तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण के अद्वितीय उदाहरण हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास यात्रा से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विश्व की प्रमुख शक्तियों में स्थापित करने तक का उनका नेतृत्व प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।

क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है। आज देश का आम नागरिक स्वयं को विकास की प्रक्रिया का सहभागी महसूस कर रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारकर करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया गया है।

लाभार्थियों से लेकर कॉलेज, विद्यार्थियों तक पहुंचेगा अभियान

अशोक चौरसिया ने कार्यक्रम कि विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेंगे और लाभार्थी परिवारों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सेवा और जनकल्याण के कार्यों के प्रति लाभार्थियों का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ अभियान को सीधे परिवारों और समाज से जोड़ना है।

अभियान का दूसरा प्रमुख कार्यक्रम ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता होगा। कॉलेजों, निजी कॉलेजों और सरकारी कॉलेजों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, उपलब्धियों और विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों की ओर से तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे युवा पीढ़ी को देश की विकास यात्रा से जोड़ने का प्रयास होगा।

इसके बाद ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 2 अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए सेवा, जनकल्याण और विकास कार्यों को जनसामान्य के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। प्रत्येक जिले को 18 से 20 नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने का लक्ष्य दिया गया है।

‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा दीदियों और बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास से जुड़े कार्यों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

‘सक्सेस स्टोरी’ की रील से बताएंगे योजनाओं का असर

अभियान के तहत ‘सक्सेस स्टोरी’ को विशेष महत्व दिया गया है। अशोक चौरसिया ने कहा कि सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनसे संवाद कर उनकी वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी। लाभार्थियों की इन कहानियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचारित किया जाएगा। इसके लिए इन्फ्लुएंसर्स की भी सहभागिता ली जाएगी, ताकि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जिला स्तर के साथ-साथ गांवों में भी आयोजित की जाएगी। यात्रा में रथ पर ज्योति रखकर कार्यकर्ता और आमजन साथ चलेंगे तथा समापन स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का सामूहिक संकल्प लेना है।

अभियान में काशी और गुजरात के बडनगर को जोड़ने वाली विशेष बाइक यात्रा भी होगी। दोनों स्थानों से ढाई-ढाई सौ बाइक के साथ यात्रा निकाली जाएगी। गुजरात से जल लेकर काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा, जबकि काशी से गंगाजल लेकर बडनगर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के साथ एलईडी वाहन भी चलेंगे। विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक और भावनात्मक कड़ी को अभियान से जोड़ा जा सके।

विधानसभा स्तर पर चुने जाएंगे 25 सेवा कार्य

क्षेत्र अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत ‘25 वर्षों के 25 सेवा कार्य’ की अवधारणा भी रखी गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता इन 25 सेवा कार्यों में से किसी एक सेवा कार्य का चयन करेगा। सेवा कार्यों का चयन विधानसभा स्तर पर किया जाएगा और कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा।

‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में सरकारी योजनाओं से वंचित लेकिन पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद की जाएगी। इसके अलावा ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से सेवा, जनसंपर्क और जनसंवाद को गांव और पंचायत स्तर तक ले जाने की योजना है।

अशोक चौरसिया ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए केवल जिला और महानगर स्तर पर कार्यक्रम करना पर्याप्त नहीं होगा। सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की कहानी न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुंचानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देते हुए प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ा जाए।

उन्होंने बताया कि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए आने वाले दिनों में जिला स्तर पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, जिम्मेदारियों के निर्धारण और मंडल से लेकर बूथ स्तर तक की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, उत्तम ओझा, सुरेश सिंह, विपिन पाठक, अनिल श्रीवास्तव, सुरेन्द्र पटेल और श्रीप्रकाश शुक्ला सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मथुरा में जन्माष्टमी का दिव्य नजारा: 500 ड्रोन से आसमान में जीवंत होगी श्रीकृष्ण की लीला

बाबा गणिनाथ पूजा-विधान: पिण्ड-पूजन की परंपरा, विधि और पूजन सामग्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button