National

राजग शुक्रवार को नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेगा

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संसदीय दल का नेता चुना जाएगा और उसी दिन शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के समक्ष वह नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।सूत्रों के अनुसार शुक्रवार 07 जून को दोपहर दो बजे संविधान सभा (पुराने संसद भवन) के केन्द्रीय कक्ष में भाजपा सहित 15 दलों के सांसदों की बैठक में श्री मोदी को नेता चुना जाएगा। इसके बाद श्री मोदी भाजपा के अध्यक्ष और राजग में शामिल अन्य दलों के नेताओं के साथ राष्ट्रपति भवन जाएंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के समक्ष नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

सूत्रों के अनुसार श्री मोदी के शनिवार 08 जून की शाम को प्रधानमंत्री पद की पुनः शपथ लेने की संभावना है।इससे पहले लोकसभा चुनावों के पूरे परिणाम प्राप्त होने के बाद श्री मोदी ने आज दोपहर में कैबिनेट की बैठक बुलाई और इसके बाद राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति को अपना एवं मंत्रिपरिषद का त्यागपत्र सौंप दिया और 17वीं लोकसभा भंग करने की सिफारिश की। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने नयी सरकार के गठन तक प्रधानमंत्री पद का दायित्व निभाने का अनुरोध किया।शाम को 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री निवास में राजग के नेताओं की एक बैठक हुई जिसमें 15 दलों के 21 नेताओं ने शिरकत की।

इस बैठक में तेलुगु देशम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू, जनता दल यूनाइटेड के नेता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान शामिल थे। राजग नेताओं ने बीते 10 वर्ष के कार्यकाल के कामकाज की सराहना की और एक प्रस्ताव पारित करके श्री मोदी को अपना नेता चुना और उनके नेतृत्व में नयी सरकार के गठन का समर्थन किया।

मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ हमारी लड़ाई रुकेगी नहीं : इंडिया गठबंधन

इंडिया गठबंधन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को फासीवादी करार देते हुए कहा है कि उसकी नीतियां जन विरोधी है और गठबंधन उसके खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने बुधवार को घटक दलों की बैठक के बाद यहां अपने आवास के बाहर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी दलों के नेताओं ने बैठक में अपने विचार रखे और कहा कि संविधान की रक्षा तथा मोदी सरकार की फासीवादी नीतियों, बेरोजगारी तथा महंगाई के खिलाफ सभी दल मिलकर एक आवाज में अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि बैठक करीब दो घंटे चली जिसमें वर्तमान राजनीतिक माहौल पर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी नेताओं ने अपने विचार रखे और तय किया है कि जो भी जनता के मुद्दे हैं उन पर सभी नेता और सभी दल एक स्वर में अपनी बात रखेंगे।श्री खडगे कहा कि बैठक में शामिल नेताओं ने देश की जनता का इंडिया गठबंधन को वोट देने के लिए आभार जताया और कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी नीतियों के लिए करारा जवाब दिया है। यह जनादेश संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए, महंगाई, बेरोजगारी, क्रॉनि कैपिटलिज्म तथा सरकार की फासीवादी नीतियों के खिलाफ है। उनका कहना था कि इंडिया गठबंधन इसके विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखेगा।उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने देश की जनता से जो वादा किया है उन्हें पूरा किया जाएगा। उनका कहना था कि गठबंधन के नेताओं ने जो निर्णय लिया है जन भावनाओं की अनुकूल उस पर उचित समय पर उचित कदम उठाया जाएगा।

बैठक में जिन नेताओं ने हिस्सा लिया उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार, सुप्रिया सुले, द्रमूक के एमके स्टालिन, टीआर बालू, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, तृणमूल कांग्रेस की अभिषेक बैनर्जी शिवसेना उद्धव गुटके अरविंद सावंत संजय राउत राजद की तेजस्वी यादव संजय यादव मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सीताराम येचुरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के चम्पई सोरेन, श्रीमती कल्पना सोरेन आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, राघव चड्ढा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी-एमएल के दीपांकर भट्टाचार्य, नेशनल कांफ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, एयूएमएल के सईद सादिक़ अली शिहाब थंगल, पीके कुनहल्ली कुटी, केरल कांग्रेस-एम के जोश के मणि, वीसीके के थिरु ठोल मावलम्वन, आरएसपी के एमके प्रेमचंद्रन, एमएमके के डॉ एम एच जवाहिरुल्लाह, एआईएफबी के जी देवराजन, केएमडीके के ई आर ईश्वरन, वीसीके के डी रावि कुमार शामिल हैं।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button