Varanasi

बकरीद पर नगर निगम ने किया 79 स्थानों पर विशेष इंतजाम

बकरीद को लेकर वाराणसी नगर निगम ने शहरभर में विशेष सफाई और अपशिष्ट निस्तारण अभियान शुरू किया है। 79 संवेदनशील स्थानों पर 94 वाहनों और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। जैतपुरा, अलईपुरा और बजरडीहा क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। करसड़ा प्लांट पर अपशिष्ट निस्तारण के लिए विशेष गड्ढे बनाए गए हैं। दुर्गंध और संक्रमण रोकने हेतु मैलाथियान, ब्लीचिंग पाउडर, चूना और फिनायल का पर्याप्त भंडारण किया गया है।

वाराणसी। आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और अपशिष्ट निस्तारण को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले लीदा-पचौनी एवं अन्य अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए निगम प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि शहर में कहीं भी गंदगी, दुर्गंध अथवा संक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर निगम द्वारा शहर के ऐसे 79 स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां बकरीद के दौरान कुर्बानी के बाद सर्वाधिक मात्रा में अपशिष्ट निकलता है। इन क्षेत्रों से तत्काल कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के लिए 94 वाहनों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इनमें डीपी कंटेनर, कॉम्पैक्टर, हापर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर एवं डम्पर वाहन शामिल हैं।

परिवहन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कूड़ा ढोने वाले वाहन तिरपाल से ढके रहें, ताकि अपशिष्ट परिवहन के दौरान सड़कों पर गंदगी न फैले और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर निगम ने विशेष रूप से जैतपुरा, अलईपुरा और बजरडीहा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई व्यवस्था लागू की है। इन इलाकों में बड़े पैमाने पर कुर्बानी होने की संभावना को देखते हुए 95 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और आठ सफाई सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। साथ ही नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नाला गैंग के कर्मियों को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कुर्बानी से निकलने वाले अपशिष्टों के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण के लिए करसड़ा प्लांट पर विशेष गड्ढे तैयार किए गए हैं। यहां 24 घंटे सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो रोटेशन के आधार पर कार्य करेंगे।

ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की सूची इस प्रकार है- 

  • 27 मई : विवेक वोहरा (सफाई निरीक्षक)
  • 28 मई : विनयानंद द्विवेदी (सफाई निरीक्षक)
  • 29 मई : पंकज श्रीवास्तव (सफाई निरीक्षक)

इसके अतिरिक्त भानू प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

नगर निगम ने दुर्गंध एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए कीटनाशकों और रसायनों का पर्याप्त भंडारण भी कर लिया है। इसमें 1200 बोरी मैलाथियान पाउडर, 700 बोरी ब्लीचिंग पाउडर, 50 टन चूना पाउडर, 500 लीटर फिनायल तथा 15 टन खड़ा नमक शामिल है। निगम के अनुसार, अपशिष्टों को निर्धारित गड्ढों में डालने के बाद इन रसायनों का छिड़काव किया जाएगा तथा एक्सकेवेटर मशीन से मिट्टी की कैपिंग कर सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम में विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। किसी भी प्रकार की सफाई अथवा अपशिष्ट संबंधी समस्या होने पर नागरिक निम्नलिखित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं-

  • विद्या प्रकाश दुबे : 9415817234
  • आशीष कुमार श्रीवास्तव : 7503920948

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित स्थानों पर ही अपशिष्ट डालें, जिससे शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखा जा सके।

लू का डबल अटैक! दिल्ली समेत कई राज्य झुलसे, पीएम मोदी ने लोगों से कहा- सतर्क रहें

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर, विपक्ष पर भाजपा का बड़ा हमला

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button