Politics

मोदी नीत राजग सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकेगी: ममता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि ‘देखो और इंतजार करो’ केंद्र में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ज्यादा दिन नहीं चल पाएगी क्योंकि देश और देश की जनता को बदलाव की जरूरत है।सुश्री बनर्जी ने कालीघाट निवास कार्यालय में पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों और जिला अध्यक्षों की बैठक में तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष के रूप में फिर से चुने जाने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “देश को बदलाव की जरूरत है, हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं। देखते हैं यह राजग सरकार कितने दिनों तक चलती है।

”तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने दोहराया कि आज इंडिया समूह ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कल ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जनादेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ था और ‘नरेंद्र मोदी को अब प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए।’मुख्यमंत्री ने एग्जिट पोल को बड़ा घोटाला करार दिया और जांच की मांग की तथा भाजपा के 400 सीटें पार करने के दावे की जमकर आलोचना की। उन्होंने पूरे देश में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी), नागरिकता संशोधन अधिनियम(सीएए) और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में राज्य की कुल 42 सदस्यों में से 29 सदस्यों के साथ तृणमूल कांग्रेस अब संसद में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है।

सुश्री बनर्जी ने कहा, “इतने बड़े दावे के बाद भी भाजपा बहुमत हासिल करने में विफल रही है।” मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग (ईसी), चुनाव पर्यवेक्षकों को भाजपा के पक्ष में उनकी कथित पक्षपातपूर्ण नीति के लिए दोषी ठहराया और दावा किया कि मेदिनीपुर (तमलुक और कांथी) की दो सीटों पर जमकर धांधली हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कुछ और सीटें थीं जहां भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावों में खुलेआम धांधली की गई थी।तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने दावा किया, “श्री मोदी का इरादा दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का था। भाजपा हालाँकि बहुमत के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाई। भाजपा बहुमत के लिए 272 सीटों के आसपास भी नहीं पहुंच सकी हैं। बिना दो-तिहाई बहुमत के बिना भाजपा संविधान में संशोधन कैसे करेगी।

”सुश्री बनर्जी ने दावा किया कि पिछली बार भाजपा ने बिना चर्चा के विधेयक पारित किए थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं कर पाएंगे।इससे पहले बैठक में आज सुश्री बनर्जी को तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष फिर से चुना गया। पार्टी ने कोलकाता उत्तर से सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय को पार्टी का नेता, काकोली घोष दस्तीदार को उपनेता और कल्याण बनर्जी को संसद के निचले सदन का मुख्य सचेतक चुना। इसके साथ ही राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन को राज्यसभा में पार्टी का नेता चुना गया है, सागरिका घोष को उपनेता और नदीमुल हक को उच्च सदन में मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने विजयी उम्मीदवारों विशेष रूप से युसूफ पठान, रचना बनर्जी, मिताली बाग, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया जैसे नए उम्मीदवारों को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत 21 जुलाई के शहीद को समर्पित है और उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में मां माटी मानुस को भारी समर्थन देने के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया।गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में राज्य की 42 संसदीय सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत हासिल की और भाजपा 12 सीटों पर सिमट कर रह गयी तथा कांग्रेस का एक सीट से ही संतुष्ट होना पड़ा है। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button