
क्रूज पर्यटन बढ़ावा देने के लिए जहाजरानी मंत्रालय ने किया टास्क फोर्स का गठन
नई दिल्ली, 14 मई। देश में तेजी से बढ़ते क्रूज पर्यटन में बढ़ोतरी को देखते हुए केन्द्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने एक टास्क फोर्स का गठन किया है । पर्यटन मंत्रालय के सचिव और जहाजरानी मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की मदद करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय सलाहकारों की समिति का भी गठन किया जाएगा।
मुंबई में पहले अतुल्य भारत अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सम्मेलन 2022 का उद्घाटन समारोह में केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय क्रूज बाजार में अगले दशक में 10 गुना बढ़ने की क्षमता है। भारत एक शानदार क्रूज गंतव्य है। देश में 7,500 किलोमीटर लंबी समुद्री किनारों पर कई आकर्षण अभी दुनिया के सामने नहीं आए हैं। सही बुनियादी ढांचे के विकास और आधुनिक तकनीक को अपनाने के साथ, भारत निश्चित रूप से दुनिया के शीर्ष पर्यटन स्थलों में से एक बन जाएगा। (हि.स.)