
तमिलनाडु पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: 21 मजदूरों की मौत, कई गंभीर घायल
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी गांव में रविवार शाम एक निजी पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 21 मजदूरों की मौत हो गई और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि रसायनों के घर्षण और भीषण गर्मी के कारण यह हादसा हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि कई मजदूर मलबे में दब गए और बुरी तरह झुलस गए। मुख्यमंत्री स्टालिन सहित कई नेताओं ने घटना पर शोक व्यक्त किया और राहत कार्य जारी हैं।
- विरुधुनगर के कट्टानारपट्टी गांव में हादसा, गर्मी और रसायनों के घर्षण को बताया जा रहा कारण
चेन्नई : तमिलनाडु में रविवार शाम को दक्षिणी विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी गांव में एक निजी पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके में 21 मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल थीं।राज्य पुलिस महानिदेशक के (डीजीपी) मुख्यालय ने यूनीवार्ता को पुष्टि करते हुए कहा कि इस त्रासदी में 21 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह धमाका पटाखे बनाने के लिए रसायनों को मिलाते समय घर्षण के कारण हुआ। यह घर्षण जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण पैदा हुई होगी। धमाका इतना जोरदार था कि चार कमरों में काम कर रहे लगभग 30 मजदूर पूरी तरह से मलबे में दब गये और बुरी तरह जल गये।रिपोर्टों के अनुसार अधिकतर शव इस तरह झुलसे थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
घायलों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह धमाका मुथुमानिकम के स्वामित्व वाली ‘वनजा क्रैकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट’ में हुआ, जिसके पास सरकारी लाइसेंस था। धमाके की खबर सुनते ही फैक्ट्री का मालिक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि रविवार को छुट्टी का दिन घोषित होने के बावजूद फैक्ट्री खोली गई थी।शिवाकाशी, विरुधुनगर और सत्तूर से दमकल सेवा और बचावकर्मियों की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव तथा राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। वे आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। विरुधुनगर जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीनाधा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर ही मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धमाके में मजदूरों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुई दुखद दुर्घटना से गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मेरी प्रार्थनाएं।’कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘ये वे मजदूर थे जो सुबह अपने परिवारों के लिए रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले थे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने धमाके में मजदूरों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। उन्होंने धमाके में मारे गये लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने जिला कलेक्टर से भी बात की और उन्हें पुलिस, दमकल विभाग तथा अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को अंजाम देने और पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद धमाके पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, ‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।’पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉ. अंबुमणि रामदास ने इस धमाके का कारण एक तंग कमरे में अत्यधिक भीड़ होना बताया। उन्होंने कहा कि कई और लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।श्री रामदास ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह विधानसभा चुनावों के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर चुनाव आयोग की मंजूरी लेकर मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये और घायलों को पांंच लाख रुपये का मुआवजा दे ।
मुर्मु, मोदी ने तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके से हुई मौतों पर जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने रविवार को तमिलनाडु में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 20 लोगों की मौत पर शोक जताया है।श्रीमती मुर्मु ने ‘एक्स’ पर अपने एक संदेश में कहा कि तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुई त्रासदी बेहद दुखद है।उन्होंने कहा, “मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
“श्री मोदी ने अपनी शोक संवेदना में कहा कि तमिलनाडु के विरुधुनगर ज़िले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है।उन्होंने एक्स पर कहा, ” मैं उन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जो अपने प्रियजनों को खोने के दुख से गुज़र रहे हैं। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों”तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, विपक्षी दल अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी, उनकी सहयोगी पार्टी पीएमके के नेता और राज्यसभा सांसद अंबुमणि रामदास, तथा तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगाई ने भी विस्फोट में श्रमिकों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।(वार्ता)
सदियों के आक्रमणों के बावजूद आज भी अडिग है सनातन आस्था: सीएम योगी
वाराणसी में पीएम मोदी के 28 अप्रैल कार्यक्रम की तैयारी तेज, मातृशक्ति संभालेगी कमान



