BusinessNational

रिकॉर्ड ऊंचाई पर बाजार : सेंसेक्स पहली बार 56 हजार के पार, निवेशक मालामाल…

मुंबई । मंगलवार को उच्चतम स्तर पर बंद होने के बाद आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला और सेंसेक्स ने पहली बार 56 हजार के स्तर को छू लिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 233.74 अंक (0.42 फीसदी) ऊपर 56,026.01 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 57.60 अंकों (0.35 फीसदी) की बढ़त के साथ 16,672.20 के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में 1092 शेयरों में तेजी आई, 699 शेयरों में गिरावट आई और 79 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

मालूम हो कि पिछले हफ्ते सेंसेक्स में 1,159.57 अंक यानी 2.13 फीसदी का उछाल आया। ज्यादातर कंपनियों के जून तिमाही के नतीजे आ गए हैं। अब निवेशकों की नजर वैश्विक रुख पर है। बड़ी गतिविधियों के अभाव में मुख्य रूप से वैश्विक रुख ही घरेलू बाजार को दिशा देगा। गुरुवार को मुहर्रम के मौके पर शेयर बाजार बंद रहेगा।

चौतरफा खरीदारी से निवेशकों को एक घंटे के कारोबार में ही एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा हुआ है। मंगलवार को बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,40,84,781.83 करोड़ रुपये था, जो बुधवार को 1,24,255.33 करोड़ रुपये बढ़कर 2,42,09,037.16 करोड़ रुपये हो गया।

भारतीय रिजर्व बैंक ने एचडीएफसी बैंक को बड़ी राहत दी। केंद्रीय बैंक ने आठ महीने के प्रतिबंध के बाद एचडीएफसी बैंक को नए क्रेडिट कार्ड जारी करने की अनुमति दे दी है। आरबीआई ने यह कार्रवाई एचडीएफसी बैंक में बार-बार आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते की थी। इसके साथ ही इस पर कोई नई डिजिटल पहल करने पर भी रोक लगाई गई थी जो अभी भी जारी रहेगा। प्रतिबंध लगाने के बाद से एचडीएफसी बैंक लगातार आरबीआई के संपर्क में रहा और निर्देशों के अनुसार उसने अपने सिस्टम को भी अपग्रेड किया है। इसके बाद आज एचडीएफसी बैंक के शेयर में जोरदार उछाल आई। पिछले सत्र में 1514.85 पर बंद होने के बाद आज यह 1550.00 पर खुला।

दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक, टाइटन, पावर ग्रिड,नेस्ले इंडिया, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, एम एंड एम, सन फार्मा, भारती एयरटेल, मारुति, एल एंड टी, रिलायंस, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं बजाज ऑटो, कोटक बैंक, इंफोसिस, टाटा स्टील, एसबीआई, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाल निशान पर खुले।

प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 156.30 अंक (0.28 फीसदी) ऊपर 55948.57 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 39.80 अंक (0.24 फीसदी) ऊपर 16654.40 पर था।

पिछले सप्ताह देश के शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण में 1,60,408.24 करोड़ रुपये की बढ़त आई। सबसे अधिक लाभ में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज रहीं। सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फाइनेंस को नुकसान हुआ। मौजूदा समय में बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष पर है। उसके बाद क्रमश: टीसीएएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक का स्थान रहा।

पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार लाल निशान पर खुला था। सेंसेक्स 119.91 अंक (0.22 फीसदी) नीचे 55462.67 के स्तर पर खुला। निफ्टी 37.80 अंकों (0.23 फीसदी) की गिरावट के साथ 16525.20 के स्तर पर खुला था।

मंगलवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार दोबारा उच्चतम स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 209.69 अंकों (0.38 फीसदी) की तेजी के साथ 55,792.27 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 51.55 अंकों (0.31 फीसदी) की तेजी के साथ 16,614.60 के स्तर पर बंद हुआ था।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button