UP Live

कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान से जोड़ने की पहल

भलुअनी, देवरिया के नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक के 100 छात्र-छात्राओं को एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर कुशीनगर भेजा गया। आरएसएस जिला व्यवस्था प्रमुख विनोद मद्धेशिया ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिक्षकों की देखरेख में बच्चों ने ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया।

भलुअनी (देवरिया)। नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड नंबर 8 गोविन्द बल्लभ पंत नगर स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को रविवार को एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर कुशीनगर भेजा गया। शैक्षिक भ्रमण के लिए चयनित बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और यात्रा की शुरुआत से ही उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

विभागीय निर्देशों के अनुसार शिक्षकों की निगरानी में बसों के माध्यम से बच्चों को कुशीनगर ले जाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला व्यवस्था प्रमुख विनोद मद्धेशिया ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 100 छात्र-छात्राओं को इस शैक्षिक भ्रमण के लिए चयनित किया गया था।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह एवं ओम प्रकाश कुशवाहा ने बताया कि शैक्षिक परिभ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थल का भ्रमण करने से बच्चों की बौद्धिक क्षमता का विकास होगा और वे इतिहास, संस्कृति व सामाजिक परिवेश को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

भ्रमण के दौरान शिक्षकों की पूरी टीम बच्चों की देखरेख के लिए मौजूद रही। इसमें शिक्षक दुर्गेश कान्दू, अभिषेक पांडेय, पूनम, कौशल्या देवी, दीपिका तिवारी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। शिक्षकों ने बच्चों को यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और आपसी सहयोग का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

विद्यालय परिवार का कहना है कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे न केवल उनका ज्ञानवर्धन होता है, बल्कि आत्मविश्वास, सामाजिक व्यवहार और सीखने की रुचि भी बढ़ती है। शैक्षिक भ्रमण को लेकर अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।

श्रीकृष्ण शिक्षण संस्थान में कक्षा 12 के छात्रों का भव्य विदाई समारोह आयोजित

केंद्रीय बजट 2026-27: सारनाथ और हस्तिनापुर बनेंगे वैश्विक पर्यटन केंद्र, यूपी को बड़ी सौगात

Related Articles

Back to top button