
इंडिगो का मुआवजा ऐलान: फंसे यात्रियों को 10,000 रुपये तक मदद
इंडिगो ने 3–5 दिसंबर के दौरान हवाई अड्डों पर फंसे यात्रियों के लिए 5,000 से 10,000 रुपये तक मुआवजे और 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर की घोषणा की है। रद्द उड़ानों का रिफंड भी जारी किया गया है। कंपनी ने संकट की जांच में बाहरी विशेषज्ञों को शामिल करने की बात कही है। वहीं, बढ़ती मांग को देखते हुए स्पाइसजेट ने विंटर शिड्यूल में रोजाना 100 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।
- लंबे इंतज़ार पर मिलेगा मुआवजा और ट्रैवल वाउचर, स्पाइसजेट ने बढ़ाई 100 अतिरिक्त उड़ानें
नयी दिल्ली : निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने 03, 04 और 05 दिसंबर को लंबे समय तक हवाई अड्डों पर फंसे रहे यात्रियों के लिए मुआवजा और ट्रैवल वाउचर की घोषणा की है।एयरलाइंस ने गुरुवार को जारी बयान में इस घटना पर खेद व्यक्त किया है। उसने कहा है कि सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक इन यात्रियों को पांच हजार रुपये से 10 हजार रुपये तक मुआवजा दिया जायेगा। मुआवजे की राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि वे कितनी देर तक हवाई अड्डे पर फंसे रहे।इसके अलावा इन यात्रियों को 10-10 हजार रुपये का ट्रैवल वाउचर भी दिया जायेगा। इसका इस्तेमाल अगले 12 महीने तक टिकट बुक कराने के लिए किया जा सकेगा।
बयान में कहा गया है कि इंडिगो संकट के दौरान रद्द रही सभी उड़ानों के यात्रियों के लिए रिफंड जारी कर दिया गया है और ज्यादातर मामलों में रिफंड की राशि पीड़ित यात्रियों के खाते में आ चुकी है। तीसरे पक्ष के प्लेटफॉर्म से बुक कराये गये रिफंड के बारे में भी एयरलाइंस ने दावा किया है कि रिफंड जारी कर दिया गया है। ऐसे यात्रियों को कस्टमर.एक्सपेरियंस@गोइंडिगो.इन पर ईमेल भेजने की सलाह दी गयी है।इससे पहले, एक अन्य बयान में इंडिगो ने बताया था कि 09 दिसंबर से उसके परिचालन में स्थिरता आ चुकी है। गत 08 दिसंबर को 1,700 से अधिक उड़ानों का परिचालन किया गया। अगले दिन 09 दिसंबर को 1,800 और 10 दिसंबर को 1,900 से अधिक उड़ानों का परिचालन किया गया है। उसने आज 11 दिसंबर को 1,950 उड़ानों के परिचालन की उम्मीद जतायी है।
बताया कि पिछले तीन दिन में सिर्फ तीन उड़ानें अंतिम समय में रद्द हुईं जिनके पीछे तकनीकी तथा मौसम से संबंधित कारण थे।उल्लेखनीय है कि इंडिगो 03 दिसंबर से बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कीं जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे बुरा हाल 05 दिसंबर को रहा जब उसने मात्र 700 उड़ानों का परिचालन किया और उसकी 1,500 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं।सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की है। साथ ही इंडिगो को विंटर शिड्यूल की उसकी उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती का आदेश दिया गया है।
इंडिगो के चेयरमैन का साजिश से इनकार, जांच में बाहरी विशेषज्ञ भी होंगे शामिल
इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के बाद अपने पहले बयान में जानबूझकर यह संकट पैदा करने के आरोपों को खारिज किया है और जांच में बाहरी विशेषज्ञों को शामिल करने की बात कही है।श्री मेहता ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी और कहा, “हम आपको आश्वस्त करते हैं कि हम इसके सभी पहलुओं की जांच करेंगे और इससे सबक लेंगे।”
स्पाइसजेट ने की 100 अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा
इंडिगो संकट के बीच किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने विंटर शिड्यूल के दौरान रोजाना 100 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।स्पाइसजेट ने बुधवार को एक बयान में कहा कि “महत्वपूर्ण मार्गों पर बढ़ती मांग” के मद्देनजर उसकी योजना रोजाना 100 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने की है। नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद ये उड़ानें शुरू की जा सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो संकट के बीच नागर विमानन महानिदेशालय ने इंडिगो को विंडर शिड्यूल की उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद उसे रोजाना 210 से अधिक उड़ानें कम करनी होंगी। उनकी जगह दूसरी एयरलाइंस को मौका दिया जायेगा।स्पाइसजेट की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि पिछले दो महीने में उसके बेड़े में विमानों की संख्या में 17 की वृद्धि हुई है। इसके कारण उसके पास इस अवसर का लाभ उठाने की क्षमता है। साथ ही, विंटर शिड्यूल के दौरान कई और विमानों को बेड़े में शामिल करने की उसकी योजाना है।(वार्ता)
चुनाव आयोग ने छह राज्यों में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तिथियां बढ़ाईं



