
रोमांचक सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड पर 7 रन से जीत, टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचा
कोलकाता में खेले गए टी-20 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की ओर से जेकब बेथेल ने 105 रन बनाए, लेकिन डेथ ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर मैच अपने नाम कर लिया।
- संजू सैमसन की विस्फोटक 89 रन की पारी और डेथ ओवर में भारतीय गेंदबाजों की शानदार वापसी से मैच पलटा
कोलकाता : टी-20 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। कोलकाता में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कुल 499 रन बने और आखिरी ओवर तक चले रोमांच में भारत ने इंग्लैंड को सात रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत अब रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगा।
भारत की जीत के नायक रहे सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन, जिन्हें शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
भारत की धमाकेदार शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज अपनाया। संजू सैमसन ने शुरू से ही इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने तेज गति से रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 254 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया।
इंग्लैंड की लड़खड़ाती शुरुआत
254 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 38 रन के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए। फिल साल्ट मात्र पांच रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
छठे ओवर में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने खतरनाक बल्लेबाज जॉस बटलर को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। बटलर ने 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। इसके बाद टॉम बैटन (17) को अक्षर पटेल ने बोल्ड कर इंग्लैंड को एक और झटका दिया।
बेथेल और जैक्स की साझेदारी से बढ़ा रोमांच
इंग्लैंड की पारी को संभालने का काम विल जैक्स और जेकब बेथल ने किया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए तेज़ 77 रन जोड़कर मुकाबले को फिर से रोमांचक बना दिया। हालांकि 14वें ओवर में अर्शदीप ने विल जैक्स को आउट कर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। जैक्स ने 20 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।
इसके बाद बेथेल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखते हुए भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने मात्र 48 गेंदों में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से 105 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया।
डेथ ओवर में भारत की वापसी
इंग्लैंड की उम्मीदें तब बढ़ गईं जब मैच अंतिम ओवर तक पहुंच गया। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक ने सैम करन (18) को आउट कर मैच का रुख फिर भारत की ओर मोड़ दिया। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रनों की जरूरत थी। पहली ही गेंद पर शिवम दुबेकी गेंद पर जेकब बेथेल रन आउट हो गए, जिससे इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और सात रनों से मुकाबला हार गई। अंत में जोफ़्रा आर्चर ने तीन छक्कों की मदद से नाबाद 19 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से
इस जीत के साथ भारतीय टीम टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंच गई है, जहां रविवार को उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारत दूसरी बार टी-20 विश्वकप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।(वार्ता)।
फरवरी 2026 में वाहन बिक्री का नया रिकॉर्ड, 24 लाख से अधिक वाहन बिके


