National

होली त्योहार पर लोगों ने जमकर उड़ाये अबीर गुलाल,देश भर में धूम

मुर्मू, मोदी और शाह ने देशवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं दी

नयी दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित देश के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को रंगों का त्योहार होली (धुलंडी) का पर्व पारम्परिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया और इस मौके पर लोगो ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिलकर शुभकामनायें दी। राजस्थान में हालांकि, यह पर्व कल ही सम्पन्न हो गया।राजधानी दिल्ली में बुधवार को रंगोत्सव पर्व होली की धूम देखी गयी है। रंगों के इस त्योहार पर यहां लोग एक दूसरे पर रंग अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई और गले मिलते हुए देखे गए।

होली का त्योहार लोगों के जीवन में रंग भरने का काम करता है। दिल्ली के कई इलाकों में लोग छोटी-छोटी टोलियों में ढोल और बाजे के साथ होली के गीत गाते हुए देखे गए। ये लोग अपनी क्षेत्रीय भाषा में लोकगीत गाते हुए एक दूसरे को रंग गुलाल लगा कर बधाई देते हुए देखे गए।इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को रंगों के त्योहार होली के पर्व की शुभकामनाएं दी।राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, “उल्लास और उमंग के पर्व होली की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह और भाईचारे का यह त्योहार हमारे विविधतापूर्ण समाज के जीवंत रंगों और सौहार्द का प्रतीक है। मेरी मंगल कामना है कि रंगों का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व नई ऊर्जा का संचार करे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “ होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे।”श्री शाह ने ट्वीट कर कहा, “रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास के त्योहार होली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह त्योहार आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे।”केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर आयोजित होली समारोह में अमेरिकी वाणिज्य सचिव जीना रायमोंडो और श्री सिंह के परिवार के साथ होली मनाई।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, “होली, एकजुटता की भावना का उत्सव के रूप में मनाया जाता है और हमें रंगों की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। यह लोगों को एकजुट करने वाला त्यौहार है और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। होली के आनंदमय अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई। ”कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने सबके जीवन में रंग भरने की कमाना करते हुए बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “रंग होली का त्योहार सबके जीवन में नए रंग भरे, देश पर एकता का रंग चढ़े।”दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी रंगो के त्योहार होली पर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

हिमाचल प्रदेश में रंगो का पर्व होली बड़ी धूमधाम से मनाया गया। होली मनाने के लिए बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग शिमला पहुंचे। लोगों का कहना है कि शिमला की खूबसूरती के बीच रंगो की होली का अपना ही आनंद है। लोगों ने एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी।वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के पीटरहॉफ में अपने मंत्रीमंडलीय सहयोगियों, कांग्रेस नेताओं, गणमान्य लोगों और शिमला शहर के नागरिकों के साथ होली खेली। इस पर्व पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को इस त्यौहार को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कामना की कि रंगों का यह त्यौहार प्रदेश और यहां के लोगों के जीवन में सुख और समृद्धि लाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि होली का यह त्यौहार देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को होली की बधाई दी।लखनऊ से प्राप्त समाचार के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली पर्व पर शुभकामनाएं दी और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में होली का त्योहार मनाया। श्री योगी ने गोरखपुर के नरसिंह भगवान शोभायात्रा में हिस्सा लिया।

मध्यपद्रेश से प्राप्त समाचारों में कहा गया कि के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर देश व प्रदेशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी । रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास का यह पर्व आप सभी के जीवन में भरपूर सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए, मेरी यही कामना है।महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में परिवार के साथ होली मनाई। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस भी मुंबई में उत्तर भारतीयों की होली उत्सव में शामिल हुए।इस बीच हरियाणा,राजस्थान और पंजाब सहित अन्य राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से भी होली मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया.। होली के गाानों पर नाचे-झूमे तथा एक दूसरे से गले मिलकर बधाईयां एवं शुभमामनायें दीँ।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी।हरियाणा में सिरसा के गांव घोड़ावाली में रंगों का पर्व होली का पर्व अनूठे तरीके से मनाया गया। इस दौरान गांव के सामाजिक संगठन वॉरियर्स क्लब की ओर से एक साइकिल दौड़ कराई गई। जिसमें युवाओं के साथ-साथ गांव के बुजुर्गों ने भी साइकिल दौड़ाई।आयोजित साइकिल दौड़ के लिए दो ग्रुप बनाए गए। एक ग्रुप में 35 साल से कम आयु और दूसरे में 35 साल से अधिक आयु के लोगों को शामिल किया गया।

प्रतियोगिता में काफी संख्या में गांव के युवाओं और बुर्जुगों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। वॉरियर्स क्लब के सदस्य मा. राधेश्याम, रमन मलेठिया, विक्की चौहान, रवि चौहान, पिंकी, भीम ज्याणी व रामगोपाल टाक ने बताया कि आज के समय में सेहत के लिए साइकिल चलाना बहुत जरूरी है। क्योंकि सेहत का ख्याल नहीं रखने के कारण अनेक बीमारियों ने इंसान को घेर रखा है। इसलिए ग्रामीणों को सेहतमंद बनाने के लिए साइकिल दौड़ का आयोजन किया गया है। साथ ही हर महीने गांव में साइकिल दौड़ कराकर ग्रामीणों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करने का भी निर्णय युवाओं ने लिया।

समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। युवा वर्ग में संजू मलेठिया ने पहला, रोबिन गेदर ने दूसरा व सुमित बागोरिया ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार बुजुर्गों के वर्ग में महेंद्र गोयल, रामकुमार बागोरिया व दलीप छापोला ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया।इसबीच एक दुखद खबर में होली पर उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने आए युवकों को गंगा जल से खिलवाड़ जानलेवा साबित हुई है। इससे दो अलग अलग दुर्घटनाओं में तीन युवक डूब गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। इनमें एक युवक पश्चिम बंगाल और दो उत्तर प्रदेश के हैं।

राजस्थान के जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने नाच-गाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। इस दौरान महिला जवानों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया और सभी एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए नजर आयीं।होली पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनायी जाती है। इसी के अनुसार राजस्थान की राजधानी जयपुर में यह पर्व कल ही मना लिया। होली रंगों का और हर्षोउल्लास का त्योहार है। यह भारत समेत विश्वभर में मनाया जाता है।(वार्ता)

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button