National

हिमाचल के मतदाताओं ने नया इतिहास रचने का मन बनाया : प्रधानमंत्री

हमीरपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल में फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने नया इतिहास रचने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को हिमाचल के सुजानपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग कांग्रेस को भली भांति जान चुके हैं। कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा पांच साल इसके और पांच साल उसके के फार्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल के लोग खुद ही चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने तय कर लिया है कि दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनानी है। मोदी ने कहा, “मैं हिमाचल में जहां भी गया हूं, मैंने यहां का मिजाज देखा है। मैंने हिमाचल की जनता का संकल्प देखा है। अब हिमाचल के लोगों को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।”

सेना का अपमान करने और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सेना प्रमुख का अपमान किया। सैनिकों की तुलना गुंडों से की और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास झूठे वादे और झूठी गारंटी का रहा है। कांग्रेस के राज में हमारे फौजियों के पास पर्याप्त बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं थी। कांग्रेस के राज में फौजियों के पास बर्फ में पहनने के लिए अच्छे जूते नहीं थे। कांग्रेस के राज में बॉर्डर पर सड़कें नहीं बनाई जाती थीं। कांग्रेस ने ही फौजियों को वन रैंक वन पेंशन के नाम पर 40 साल तक धोखा दिया।”

सेना में महिलाओं को मौका देने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बेटियों के लिए भी तीनों सेनाओं के द्वार खोल दिए गए हैं। हम सैन्य स्कूलों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और इसमें बेटियों को भी दाखिला मिल रहा है। हमारी सरकार, पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी बेटियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। आजादी के बाद 2014 तक, देश में पुलिस सेवा में लगभग 1 लाख बेटियां थीं। बीते 8 साल में ये संख्या लगभग सवा 2 लाख हो चुकी है। इसी प्रकार केंद्रीय बलों में भी बेटियों की भागीदारी 17 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हो चुकी है। और ये लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जो विश्वासघात किया है, उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के लोग ही हैं। जबकि भाजपा ने हिमाचल के घर-घर को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किया है। मोदी ने कहा कि आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। भाजपा पर देश का ये भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। अभी दो-तीन दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उप-चुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को कमजोर माना जाता था, वहां भी लोगों ने कमल का फूल बढ़-चढ़कर खिला दिया है। वहीं कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी, सरकार में होती थी या कभी मुख्य विपक्षी दल होती थी। वहां कांग्रेस की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती ही जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाते थे, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास में महिलाओं को हिस्सेदारी देने वाली भाजपा है। रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने वाली भाजपा है। घर-घर शौचालय बनाने वाली भाजपा है। घर-घर बिजली देने वाली भाजपा है घर-घर जल देने वाली भाजपा है। कोरोना के मुश्किल समय में हर गरीब को मुफ्त अनाज देने वाली भाजपा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है। वह लोगों को मुसीबत में जीने के लिए छोड़ देती है। लेकिन भाजपा हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। इसलिए इस बार हिमाचल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी है।

कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन वाली स्थिर सरकार की जरूरत है। कांग्रेस को अस्थिरता, भ्रष्टाचार और घोटाले का पर्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है।कांगड़ा के चंबी में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब हिमचाल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा।

प्रधानमंत्री ने भाजपा के घोषणा पत्र की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल भाजपा के 11 शुभ संकल्प यहां के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं।पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज बदलने की बात दोहराते हुए मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है।

कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस यानि, अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस यानि, भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी। कांग्रेस यानि, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार ने अपने शासन काल में केवल 15 घर बनाए। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 8000 घर गरीब परिवारों के लिए बनाए। आज भाजपा की पहचान सुशासन और गरीबों के लिए कल्याणकारी नीतियों से है। भाजपा जो कहती है उसके लिए अपनी पूरी ताकत लगा देती है।मोदी ने कहा, “कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं, आज कांग्रेस की गिन कर दो ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। यहां से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं। इन दोनों जगहों से खबरें सिर्फ झगड़े की ही रहती हैं। अगर यही चलता रहा तो राज्य का विकास कैसे हो सकता है?”

केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार को जनता के हित में बताते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने उज्ज्वला योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने गृहिणी योजना चलाकर इसमें और लोगों को जोड़ दिया। केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना से और लोगों को इसमें जोड़ दिया। इस तरह से डबल इंजन सरकार काम कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पेंशन की उम्र 80 साल कर दी और साथ में कमाई की शर्त रखी। भाजपा सरकार ने पेंशन की उम्र को घटाकर 60 साल कर दी और कमाई की शर्त को भी हटा दिया। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिकों को फायदा हुआ।उन्होंने कहा कि सबको सामाजिक सुरक्षा मिले, इसके लिए केंद्र सरकार ने पेंशन और बीमा की योजना शुरू की। हमने किसानों को, मजदूरों को, छोटे दुकानदारों को 3 हजार रुपए नियमित पेंशन मिलने का रास्ता बनाया। इस भावना को हिमाचल की भाजपा सरकार ने और आगे बढ़ाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाला समय 5जी का है। इससे यहां के नौजवानों और जनता के जीवन का कायाकल्प होगा। इससे दूर-दराज के स्कूलों में भी पढ़ाई, शहरों जैसी हो जाएगी।(हि.स.)।

Related Articles

Back to top button