State

मथुरा में अब मिलेगी निर्बाध बिजली : हेमा

मथुरा : मथुरा जिले के ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं और तीर्थयात्रियों को अनवरत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केन्द्र सरकार ने 288 करोड़ से अधिक की एक अभिनव योजना स्वीकृत कर दी है।इस योजना के अन्तर्गत चालू होनेवाला काम दिसंबर 2024 के पहले पूरा हो जाएगा।

योजना की जानकारी देते हुए स्थानीय सांसद हेमामालिनी ने पत्रकारों को सोमवार को बताया कि ’’रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम ’’ नाम की इस योजना पर पूरे जिले में कार्य होगा। इस योजना के पूरी होने के बाद लाइन लाॅस भी कम हो जाएगा। यह कार्य गुजरात की एक कम्पनी द्वारा किया जाएगा।उन्हेांने बताया कि 288.41 करोड़ रूपये की केन्द्र सरकार की इस योजना को प्रधानमंत्री मोदी ने मथुरा के लिए विशेष रूप से स्वीकृत किया है। योजना में सर्विस कनेक्शन केबिल को आर्मर्ड केबिल से बदला जाएगा।

योजना में 1703 किलोमीटर सर्विस केबिल को आर्मर्ड केबिल से बदलने से केबिल को पंचर कर बिजली की होनेवाली चोरी को भी रोका जा सकेगा।मालिनी ने बताया कि योजना में बेयर कन्डक्टर की एलटी लाइनों को एबी केबिल द्वारा बदला जाएगा। इससे जहां कटिया डालकर बिजली की चोरी बन्द होगी वहीं बेयर कन्डक्टर के टूटकर गिरने से दुर्घटना होने की संभावना खत्म हो जाएगी।

जिन क्षेत्रों में एबी केबिल लगाने के बावजूद बिजली चोरी नही रूक रही है उन क्षेत्रों में एलटी लाइन को आर्मर्ड एक्सएलपीई केबिल से बदला जाएगा।सांसद के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में नलकूप एवं घरेलू कनेक्शन के फीडर केा अलग किया जाएगा जिससे नलकूप के चलने में व्यवधान नही होगा तथा बिजली की बर्बादी को रोका जा सकेगा । इसी श्रंखला में ओवरलोड फीडरों की स्प्लिटिंग की जायेगी।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button