Sports

आखिरी ओवर में 15 रन भी चाहिये होते तो मैं बना सकता था: पांड्या

मोदी ने एशिया कप में जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई

दुबई : भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज़ और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एशिया कप 2022 में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाने के बाद कहा कि अगर टीम को आखिरी ओवर में 15 रन भी चाहिये होते तो वह सफलतापूर्वक लक्ष्य तक पहुंच सकते थे।गेंद से तीन विकेट झटकने के बाद 33(17) रन की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच चुने गये पांड्या ने कहा, “गेंदबाजी में ज़रूरी है कि आप स्थिति का आंकलन करें और अपने मज़बूत पहलुओं का इस्तेमाल करें। छोटी गेंद और अच्छी लेंथ की गेंद मेरी मज़बूती रहे हैं। आपको इन्हें ठीक तरह से प्रयोग करते हुए बल्लेबाज़ से गलती करवानी होती है।”

उन्होंने कहा, “इस तरह की चेज़ में आप हमेशा ओवर-दर-ओवर योजना बनाते हैं। मुझे पता था कि अभी एक युवा गेंदबाज और एक बाएं हाथ का स्पिनर बाकी है। हमें आखिरी ओवर में सिर्फ सात रन चाहिये थे लेकिन अगर 15 रन भी चाहिये होते तो मेरे अनुसार मैं सफलतापूर्वक लक्ष्य को हासिल कर सकता था।”पाकिस्तान ने भारत को 20 ओवर में 148 रन का लक्ष्य दिया था जिसे रोहित शर्मा की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर हासिल किया। पांड्या जब क्रीज़ पर आये थे तब भारत 14.2 ओवर में 89 रन पर चार विकेट गंवा चुका था, लेकिन पांड्या ने 194.12 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में ही टीम को जीत दिलायी।

मोदी ने एशिया कप में जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2022 क्रिकेट मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है।श्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “टीमइंडिया ने आज के एशियाकप 2022 मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार कौशल और धैर्य का प्रदर्शन किया है। उन्हें जीत की बधाई।(वार्ता)

अनुराग ठाकुर, निसिथ प्रमाणिक और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई

केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और खेल मंत्रालय के राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने सोमवार को एशिया कप 2022 में पाकिस्तान पर मिली पांच विकेट की जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है।ठाकुर ने ट्वीट किया, चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ इस नेल बाइटिंग मैच में हमारी टीम इंडिया की बेहतरीन जीत! एशिया कप में शानदार शुरुआत के लिए बधाई।मंत्री निसिथ ने ट्वीट किया, मैं टीम इंडिया को उनकी जीत पर दिल से बधाई देता हूं, उन्होंने इतना अच्छा खेला। हम हमेशा पाकिस्तान के खिलाफ जीतते हैं लेकिन यह एक खेल है। हारना और जीतना इसका हिस्सा है।केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने ट्वीट किया, भारतीय टीम ने हमेशा की तरह अच्छा खेला। एक मनोरंजक मैच। बधाई हो, मैन इन ब्लू!

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान पर मिली जीत के लिए टीम इंडिया को दी बधाई

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सोमवार को चल रहे एशिया कप 2022 में ग्रुप ए में पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी।रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। भारतीय टीम ने 2 गेंद शेष रहते 148 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। हार्दिक पांड्या मैच के हीरो थे, जिन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में 33 रनों की नाबाद पारी खेली।गांगुली ने ट्वीट किया, भारत की शुरुआत के लिए अच्छा परिणाम..कठिन स्थिति में टीम ने काफी संयम दिखाया।

हार्दिक पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए भारतीय टीम के फिजियो और ट्रेनर का जताया आभार

स्टार भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए फिजियो नितिन पटेल और ट्रेनर सोहम पटेल का आभार जताया है।बीसीसीआई द्वारा पोस्ट एक वीडियो में रवींद्र जडेजा ने पांड्या से एशिया कप 2018 से लेकर (जहां उन्हें पीठ में चोट लगी थी) अब तक की उनकी यात्रा के बारे में पूछा।पांड्या ने कहा, मुझे याद है कि मुझे कैसे स्ट्रेच किया जा रहा था। यह वही ड्रेसिंग रूम था। यह (चोट के बाद उनकी यात्रा) एक उपलब्धि की तरह लगता है क्योंकि मुझे जो अवसर मिले हैं, चोटों के बाद वापसी करने पर मिले हैं, यह यात्रा सुंदर रही है, मैं मेरी वापसी के लिए सोहम देसाई और नितिन पटेल को धन्यवाद देता हूं।

पांड्या इस साल भारत के लिए बल्ले और गेंद दोनों से शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को अपने पहले सत्र में ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब दिलाया और अपने उसी फॉर्म को भारतीय टीम के मैचों में भी बनाए रखा।इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में, पांड्या ने 14 मैचों में 34.88 की औसत से 13 पारियों में 314 रन बनाए हैं। जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 14 मैचों में 4/33 के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों के साथ 11 विकेट भी लिए हैं।एशिया कप में रविवार को पाकिस्तान पर मिली जीत पर पांड्या ने कहा कि जीत टीम के लिए महत्वपूर्ण थी और इसे पाकर खुशी हो रही है।उन्होंने कहा, यह एक रोमांचक मुकाबला था, हमें एक टीम के रूप में चुनौती दी गई। जिस तरह से जडेजा ने खेला वह शानदार है।

पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद भुवनेश्वर कुमार ने कहा-मैच में दोनों टीमों के लिए 50-50 का मौका था

भारत ने रविवार को टी 20 एशिया कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। मैच में चार विकेट लेकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने टीम के साथियों की सराहना की और कहा कि मैच में दोनों टीमों के लिए 50-50 का मौका था। भुवनेश्वर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 10 ओवर के बाद मैच कड़ा था। हम चाहते थे कि हार्दिक पांड्या स्कोर करें और उन्होंने ऐसा किया। मैच करीब हो सकता था लेकिन पांड्या और जडेजा दोनों ने अच्छा काम किया।हार्दिक पांड्या (नाबाद 33) और रवींद्र जडेजा (35) ने पांचवें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त किया।

टीम के प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, मैं प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। इसमें केवल विकेट ही नहीं बल्कि किफायती गेंदबाजी भी एक योगदान है। खेल में विचार प्रक्रिया भी बहुत महत्वपूर्ण है। आपको गेंदबाज को आउटसोर्स करना होगा।रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी।हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार के बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 147 रनों पर समेट दिया। भुवनेश्वर ने 4 और हार्दिक ने 3 विकेट लिया।उन्होंने कहा, हम परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करते हैं। विकेट पर घास थी। यह ढीली घास थी इसलिए हमने पहले गेंदबाजी की। पिच ने हमें खेलने में मदद की। विश्व कप के दौरान उतनी ओस नहीं थी।भुवनेश्वर ने कहा कि कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ भारत की हार बीते दिनों की बात हो गई है।

उन्होंने कहा, हमने एक टीम और खिलाड़ियों के रूप में हार को अलग रखा है। लोग पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ हार को ज्यादा समझते हैं। हमने अन्य मैच भी गंवाए लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार को ज्यादा याद किया जाता है।मैच की बात करें तो इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (43) और इफ्तिखार अहमद (28) ही बल्ले से कुछ अच्छा योगदान दे सके। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने 4, हार्दिक पांड्या ने 3, अर्शदीप सिंह ने 2 और आवेश खान ने एक विकेट लिया।जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की तरफ से विराट कोहली और रवींद्र जडे़ा ने 35-35 रन बनाए व हार्दिक पांड्या ने भी नाबाद 33 रनों की शानदार पारी खेली। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद नवाज ने 3 और नसीम शाह ने 2 विकेट लिया।(हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button