Sports

गंभीर का सियासी पिच से सन्यास का ऐलान

नई दिल्ली । पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने शनिवार को अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर राजनीति से दूरी बनाने के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मैंने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुझे अपने राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करने का अनुरोध किया है, जिससे मैं क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर सकूं। गौतम गंभीर ने लिखा है कि ‘मुझे लोगों की सेवा करने का अवसर देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को ईमानदारी से धन्यवाद देता हूं। जय हिन्द!’

2019 के लोकसभा चुनाव में बड़े अंतर से दर्ज की थी जीत

2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली सीट पर क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बड़ी जीत दर्ज की थी। ‘आप’ की आतिशी और कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली पर भारी पड़ते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर 3 लाख 90 हजार के विशाल अंतर से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। चुनावी मैदान में गंभीर ने पहली बार कदम रखा था और जीत दर्ज की थी।गंभीर ने 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उसके बाद से वो सेना, जवानों और बाकी सामाजिक मुद्दों पर ट्विटर के जरिए अपनी राय रखा करते थे। राष्ट्रवादी छवि बनाने के बाद से ही चर्चा थी कि गंभीर जल्द ही भाजपा ज्वॉइन कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस बात को कभी माना नहीं था।क्रिकेट के मैदान पर आक्रामक रुख के लिए मशहूर रहे इस खिलाड़ी ने राजनीति में भी जोरदार शुरुआत की थी।

गौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों की पहली सूची आने से पहले गंभीर ने राजनीतिक करियर को अलविदा कहा है। उन्होने राजनीति की पिच पर अपनी पारी की शुरुआत 2019 में लोकसभा चुनाव से कुछ पहले भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर की थी। पार्टी ने उन्हे पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट का टिकट दिया था। इस फैसले को सही साबित करते हुये गंभीर ने आम आदमी पार्टी प्रत्याशी आतिशी मार्लेना को पराजित कर संसद की दहलीज लांघी थी।सलामी बल्लेबाज के रुप में भारतीय क्रिकेट में सफल गंभीर क्रिकेट के मैदान की तरह संसद में भी अपने क्षेत्र की समस्यायों को मुखरता से उठाते रहे हैं। उन्होंने कोविड काल में मानवता का परिचय देते हुये अपना दो साल का वेतन भी दान किया था।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button