National

विदेश सचिव ने संसदीय स्थायी समिति को दी ऑपरेशन सिन्दूर जानकारी

नयी दिल्ली : विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति की आज यहां एक बैठक हुई जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाकिस्तान के बीच हाल के तनाव के बारे में सिलसिलेवार जानकारी दी।सूत्रों ने यहां बताया कि बैठक में श्री मिस्री ने संसदीय स्थायी समिति को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सिलसिलेवार ढंग से घटनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर से भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का समुचित जवाब दिया और आतंकवादियों के ठिकानों, प्रशिक्षण स्थलों को नेस्तनाबूद कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार विदेश सचिव ने स्पष्ट किया कि आतंकवादी ठिकानों पर हमले के बाद पाकिस्तान को जानकारी दे दी गई थी। विदेश सचिव ने यह स्पष्टीकरण विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा किए गए एक्स पोस्ट पर हुए सवाल-जवाब के संदर्भ में दिया था। श्री मिस्री ने कहा कि विदेश मंत्री के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।सूत्रों ने बताया कि समिति की बैठक में सोशल मीडिया में विदेश सचिव की अपमानजनक ट्रोलिंग के खिलाफ एक प्रस्ताव भी पारित किया गया और माना गया कि श्री मिस्री एक पेशेवर, दक्ष एवं ईमानदार राजनयिक हैं और बहुत ही सूझबूझ एवं कुशलता से देश की सेवा कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता कांग्रेस के सांसद शशि थरूर कर रहे हैं। यह समिति भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद कूटनीतिक, सैन्य और क्षेत्रीय प्रभावों का अध्ययन कर रही है। यह बैठक पहलगाम आतंकवादी हमले के कारण सीमा पार बढ़े तनाव के मद्देनजर हो रही है जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। (वार्ता)

सुप्रीम कोर्ट न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की याचिका पर सुनवाई को सहमत

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button