युवाओं को बड़ा तोहफा: 50 हजार विद्यार्थियों को मिले टैबलेट, अब आसान होगी पढ़ाई और भविष्य की तैयारी
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सरकार की पहल की सराहना की। छात्रों का कहना है कि टैबलेट से ऑनलाइन पढ़ाई, ई-पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल अध्ययन सामग्री तक पहुंच आसान होगी। यह पहल युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी।
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इस दौरान सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी, सुयश अवस्थी, एसजीपीजीआई के राज कश्यप, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह सहित रागिनी और सुमन को भी टैबलेट मिला। विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई और भविष्य की तैयारी के लिए उपयोगी बताते हुए योगी सरकार की पहल की सराहना की।
डिजिटल सामग्री से आसान होगी पढ़ाई
सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि टैबलेट मिलने से पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधनों तक पहुंच आसान होगी। अब किताबों के साथ ही इंटरनेट पर उपलब्ध अध्ययन सामग्री, विषयों से जुड़े वीडियो और ऑनलाइन कक्षाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा। इससे कठिन विषयों को समझने और अपनी तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सुयश अवस्थी ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान भी बेहद जरूरी है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी अपनी जरूरत के मुताबिक अध्ययन सामग्री जुटा सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन आवेदन और नई जानकारियां हासिल करने में भी यह काफी मददगार साबित होगा।
नर्सिंग की पढ़ाई में मिलेगी विशेष मदद
एसजीपीजीआई के छात्र राज कश्यप ने टैबलेट को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई जानकारियां सामने आती रहती हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यम से विषयों को समझने, शैक्षणिक सामग्री पढ़ने और नवीन जानकारियों से अपडेट रहने में सुविधा मिलेगी। वहीं, एसजीपीजीआई से बीएससी नर्सिंग कर रहीं ओजस्वी सिंह ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ भी जरूरी है। टैबलेट से विषयों से संबंधित वीडियो, चित्रों, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक व्याख्यानों के जरिए जटिल विषयों को समझना आसान होगा। इससे पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही सरकार
रागिनी और सुमन ने भी टैबलेट वितरण को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरण मिलने से पढ़ाई के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। घर पर भी ऑनलाइन कक्षाओं, ई-पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर पाएंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण हर छात्र के लिए टैबलेट या लैपटॉप खरीदना आसान नहीं होता। ऐसे में सरकार की यह योजना बहुत लाभकारी है।
अमन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को तकनीक से जोड़ने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है। यह पहल न केवल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी।
योगी राज में रात 12 बजे भी सुरक्षित महसूस कर रही बेटियां, छात्र-छात्राओं में दिखा सीएम योगी का क्रेज
जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के पहुंचते ही भारत माता की जय के नारों से माहौल गूंज उठा। इस दौरान युवाओं ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था, शिक्षा, चिकित्सा और डिजिटल सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जमकर सराहना की।
रात 12 बजे भी बेखौफ निकल रहीं बेटियां, डायल-112 और कानून-व्यवस्था पर छात्रा ने जताया भरोसा
लखनऊ एसजीपीजीआई से नर्सिंग की पढ़ाई कर रहीं सौम्या मौर्य ने कहा कि योगी सरकार में बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। आज रात 11-12 बजे भी कहीं आने-जाने में डर नहीं लगता है। डायल-112 जैसी सुविधा से किसी भी समय पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा हुआ है, जो आम लोगों के लिए राहत की बात है।
मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को मिल रहे नए अवसर, छात्रों ने की योगी सरकार की सराहना
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. सिमरन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के संबोधन से उन्हें तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की प्रेरणा मिली है। मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई से लेकर मरीजों के इलाज तक में तकनीक की अहम भूमिका है। योगी सरकार में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ी है और सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे युवा डॉक्टरों के लिए अवसर भी बढ़े हैं। वहीं, लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज के छात्र मो. आसिम जफर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ शिक्षा व्यवस्था में भी बदलाव आया है।
युवाओं ने डिजिटल सशक्तिकरण के लिए योगी सरकार को सराहा
आजमगढ़ निवासी आदित्य यादव लखनऊ पॉलिटेक्निक से साइबर सिक्योरिटी का कोर्स कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि एआई और साइबर सुरक्षा के दौर में टैबलेट उनकी पढ़ाई के लिए काफी मददगार साबित होगा। सरकार का डिजिटल सेवाओं पर फोकस होने से लोगों को घर बैठे सुविधाएं मिल रही हैं। पीजीआई से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहीं खुशी शर्मा ने कहा कि टैबलेट मिलने से पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। वहीं, प्रियम सिंह ने इसे युवाओं के विकास की दिशा में योगी सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
जिन्होंने देश के लिए दुश्मनों से लोहा लिया, अब उनकी वीरता पढ़ेंगे यूपी के बच्चे



