NationalVaranasi

आस्था और आर्थिकी अलग-अलग नहीं, संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू के भारत कला भवन में आयोजित सीआईआई बनारस बिनाले-2026 के उद्घाटन समारोह में कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक बुनियादी ढांचे और स्पष्ट नीतियों ने उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाया है। उन्होंने बताया कि 10 वर्षों में 35 हजार बड़े उद्योग स्थापित हुए और 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले। मुख्यमंत्री ने काशी की सांस्कृतिक विरासत, बनारसी हस्तशिल्प, पर्यटन, कला और वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देने पर भी जोर दिया।

वाराणसी ; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतरीन कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, समर्पित इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स और स्पष्ट नीतियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक विकास का अनुकूल माहौल तैयार किया है। साढ़े नौ वर्ष पहले अपराध और अपराधियों के प्रति अपनाई गई जीरो टॉलरेंस की नीति आज भी अनवरत जारी है, जिसके परिणामस्वरूप कभी बीमारू समझा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

मुख्यमंत्री शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित भारत कला भवन में आयोजित प्रतिष्ठित कला एवं संस्कृति महोत्सव ‘सीआईआई बनारस बिनाले-2026’ के प्रथम संस्करण को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कला और विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत कला भवन की सूची पुस्तिका (कैटलॉग) का विमोचन किया। उन्होंने संग्रहालय एवं गैलरी की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन भी किया और काशी की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए सीआईआई की टीम का अभिनंदन किया।

70 साल में लगे थे 14 हजार कारखाने, 10 साल में स्थापित हुए 35 हजार उद्योग
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो नियंता को कृपा करने में देर नहीं लगती। आजादी के बाद से वर्ष 2017 तक 70 वर्षों में प्रदेश में कुल 14,000 बड़े कारखाने लगे थे, जबकि वर्ष 2017 से 2026 के बीच मात्र 10 वर्षों में 35,000 बड़े कारखाने स्थापित हुए हैं। अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिन्हें सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। उत्तर प्रदेश आज रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और यहां दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) हो रहा है, जो देश में सर्वाधिक है।

उन्होंने बताया कि डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्र यूपी की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं। उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रतिवर्ष लाखों आईटीआई व डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक स्टेम (STEM) ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ के बाद अब प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन यूनिवर्सिटी’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

आस्था और आर्थिकी एक-दूसरे के पूरक, वैश्विक बाजार से जुड़ रहा बनारसी हस्तशिल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और आर्थिकी अलग-अलग नहीं हैं, बल्कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक ही है। महाकुंभ ने भी यही संदेश दिया और आज सीआईआई काशी में इसी समन्वय को साकार कर रहा है। जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है, तो केवल मंदिर ही नहीं संवरते बल्कि पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दे रही है। काशी विश्वनाथ धाम, 84 घाटों पर सायंकालीन गंगा आरती, अलकनंदा क्रूज, नमो घाट और गंगा विलास जैसी सुविधाओं ने पर्यटन को नया आयाम दिया है। ओडीओपी और ई-कॉमर्स के माध्यम से बनारसी रेशम, साड़ी और हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है, जिससे नाविक, कारीगर, होटल, परिवहन और व्यापार से जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका सशक्त हुई है। इस प्राचीन नगरी में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन और इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही देश का पहला अर्बन रोपवे भी शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है।

स्मारकों की धरोहर नहीं, जीवंत रचनात्मक नगरी है काशी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1995 में वेनिस बिनाले से शुरू हुई वैश्विक परंपरा वर्ष 2012 में कोच्चि पहुंची और अब वर्ष 2026 में सनातन संस्कृति की राजधानी काशी में इसका प्रथम संस्करण आयोजित हो रहा है। काशी केवल स्मारकों की धरोहर नहीं, बल्कि निरंतर जीवंत रहने वाली रचनात्मक नगरी है। यह एक माह तक चलने वाला उत्सव उसी जीवंतता का प्रमाण बनेगा और काशी आधुनिक कला व वैश्विक संवाद की विश्व राजधानी के रूप में स्थापित होगी।

उन्होंने बताया कि बीएचयू के भारत कला भवन, अहिवासी गैलरी, ज्ञान प्रवाह, पेशवा हवेली संग्रहालय, नागरी प्रचारिणी सभा से लेकर नमो घाट तक प्रदर्शनियों, फिल्म, वस्त्र, शिल्प और साहित्य के माध्यम से काशी की विरासत को नई दृष्टि मिल रही है, वहीं मां गंगा की गोद में ‘रिवर राग’ इस उत्सव को नई ऊंचाई दे रहा है। उन्होंने कला प्रेमियों से काशी को केवल देखने-सुनने के बजाय काशी के अनुरूप जी कर अनुभव करने का आह्वान किया।

पाणिनि से सुश्रुत और तुलसीदास तक काशी की कालजयी विरासत का किया स्मरण
मुख्यमंत्री ने मार्क ट्वेन के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी इतिहास से भी पुरानी और परंपराओं से भी प्राचीन है। जो काशी में है वही सर्वत्र दिखाई देगा, और जो यहां नहीं है वह अन्यत्र भी दृष्टिगोचर नहीं होगा। बौद्ध जातक कथाओं, पाणिनि की रचनाओं और ऋग्वेद में काशी के सूती वस्त्र का उल्लेख मिलता है, जिसका निर्यात प्राचीन काल में रोम और यूरोप के बाजारों तक होता था।

उन्होंने कहा कि विश्व के पहले सर्जन महर्षि सुश्रुत ने काशी में ही भगवान धन्वंतरि से शल्य चिकित्सा का ज्ञान प्राप्त किया था और यहां के विद्वानों ने सबसे व्यावहारिक पंचांग की रचना की। भगवान बुद्ध ने सारनाथ में प्रथम उपदेश दिया, भगवान पार्श्वनाथ यहीं जन्मे तथा गोस्वामी तुलसीदास, संत कबीर, मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद व भारतेंदु हरिश्चंद्र ने यहीं से साहित्य व समाज को दिशा दी। वर्ष 1916 में परतंत्र भारत में महामना मदन मोहन मालवीय जी ने बीएचयू की स्थापना कर इस प्राचीन विरासत को आधुनिकता से जोड़ा।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित
समारोह में सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंघानिया, सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष पुनीत कौरा, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह और महापौर सहित देश-दुनिया से आए कलाकार, क्यूरेटर, विद्वान, शिल्पकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

जो कल तक चोर थे आज दरोगा बनने का कर रहे ढोंग: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button