5 राज्यों के चुनाव परिणाम: सीएम योगी ने बताया जनविश्वास का प्रतीक, कार्यकर्ताओं में जश्न
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण बताया। बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर वाराणसी सहित कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस अवसर पर नेताओं ने इसे विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की जीत बताया।
- बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, वाराणसी में मनाया गया भव्य उत्सव
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के ऐतिहासिक परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पीएम मोदी के प्रति देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई
अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है। पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है।
जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के ‘नए भारत-विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के भाजपा संगठन से जुड़े सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने आगे लिखा कि सुशासन व राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।
बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने सीएम योगी को दी बधाई
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। पश्चिम बंगाल के चुनाव में सीएम योगी की रैलियों ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जबरदस्त माहौल बनाया और सोमवार को चुनाव परिणाम आने के बाद गोरखपुर के भाजपाई खुशी से झूम उठे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ से महराजगंज होते हुए देर शाम गोरखपुर पहुंचे। एमपी पॉलिटेक्निक ग्राउंड के हेलीपैड पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि ने मुख्यमंत्री की अगवानी करते हुए पुष्पगुच्छ देकर उनका भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली शानदार जीत के लिए उल्लास और उमंग के साथ सीएम योगी को बधाई दी।
हेलीपैड पर भाजपा नेताओं की बधाई स्वीकार करने के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले शिवावतार महायोगी गोरखनाथ का विधि विधान से दर्शन पूजन किया। तत्पश्चात वह अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि स्थल पर गए और उनकी प्रतिमा का दर्शन, पूजन कर आशीर्वाद लिया।
पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में जीत पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, एक-दूसरे को दी बधाइयां
वाराणसी : विजय के वंदनवारों से सजा वातावरण, उल्लास की उमंगों से झूमता जनसमूह और जयघोषों की गूंज से गूंजता रोहनियां पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर कार्यकर्ताओं ने ऐसा जश्न मनाया, मानो उत्सव स्वयं धरती पर उतर आया हो।रोहनियां कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाईं, वहीं झालमुड़ी की सोंधी खुशबू ने जश्न में एक अनोखी बंगाल की छटा घोल दी। हर्षोल्लास, अभिनंदन और अभिनव उल्लास का यह संगम देर तक चलता रहा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक विजय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति एवं कार्यकर्ताओ की अथक मेंहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता ने परिवर्तन का बिगुल फूंका है और रिकॉर्ड मतदान इस जनआस्था का सजीव प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की उपासना भूमि बंगाल में अब विकास, सुरक्षा और सम्मान का नया सवेरा होगा। “जहां पहले असुरक्षा की छाया थी, वहां अब विकास का दीप जलेगा, शिक्षा-संवर्धन और रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे,”। इस प्रकार उनके शब्दों में आशा, विश्वास और परिवर्तन का आलोक झलकता रहा।
हर्षोल्लास के इस कार्यक्रम में अशोक चौरसिया, राकेश शर्मा, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर (सह प्रभारी), अनिल श्रीवास्तव, प्रकाश शुक्ला,पीयूष वर्धन,सुरेन्द्र पटेल, संजय सोनकर,शैलेष मधुकर पांडेय, सुरेश सिंह,प्रवीण सिंह गौतम,डॉ. अशोक राय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जश्न का यह जनोत्सव केवल विजय का उत्साह नहीं, बल्कि नई आशाओं, नव-संकल्पों और जनविश्वास के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बनकर देर तक वातावरण में गूंजता रहा।
बिना बैंक से कर्ज लिए 42,000 करोड़ रुपये की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना पूरी: सीएम योगी



