Crime

अमरोहा में सो रहे पांच लोगों की मौत,दो गंभीर

अमरोहा : उत्तर प्रदेश में अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र में घर में सो रहे सात लोगों में से पांच की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई जबकि दो को गंभीर हालत में अमरोहा तथा संभल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण दम घुटना बताया है मगर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के बारे में मंगलवार देर शाम पता चल सका, जब गांव वालों ने किसी तरह घर में जाकर दरवाज़ा खोला जहां बच्चों समेत सात लोग बेहोशी की हालत पड़े थे। सभी को अस्पताल ले जाया गया इस दौरान पांच लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि दो की सांसें चल रही थी ।सूत्रों ने बताया कि थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर भूड़ में रईसुद्दीन का परिवार रहता है। सोमवार को खाना खाने के बाद साले रहमत की बेटी और बहन की बेटी समेत सारा परिवार सो गया था।

अगले दिन मंगलवार की शाम तक जब कोई घर से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद फोन किया लेकिन जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीण मकान के पीछे से दीवार फांद कमरे का गेट तोड़कर अंदर घुसे तो वहां का नज़ारा चौंकाने वाला था। बेसुध पड़े सात लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया इस दौरान पांच लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि दो की सांस चल रही थीं। आनन-फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गंभीर हालत में दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस का मानना है कि हादसा दम घुटने से हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए मामले की जांच कर रही है।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button