Breaking News

कोरोना वायरस : मथुरा की सीमाएं सील


मथुरा । कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए मथुरा के प्रशासन ने जिले की सीमाओं और हरियाणा, राजस्थान से जुड़ रहे मुख्य मार्गों को सील करने के साथ साथ आगरा, अलीगढ़, हाथरस जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।

इस संबंध में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को बताया, ‘‘कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश पर पड़ोसी जिलों और अन्य राज्यों से जुड़ी सभी सीमाओं को सील कर दिया है। सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सिर्फ रोडवेज बसों को ही आवागमन की छूट दी जा रही है। इनकी संख्या भी बहुत कम है।’’

उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रवेश मार्गों पर अवरोधक लगाते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। गैर राज्यों के लोगों का जनपद में प्रवेश रोक दिया गया है।

ग्रोवर ने बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सतर्कता निरंतर बढ़ाई जा रही है। जिले में बाहरी क्षेत्र के लोगों का आवागमन रोकने के लिए सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है।

इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली की ओर निजी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। यहां हरियाणा की सीमा से जुड़े कोटवन पर बैरियर लगाते हुए पुलिस तैनात कर दिया गया है। इसी तरह आगरा की ओर रैपुराजाट पर अवरोधक लगाते हुए राजमार्ग की सीमा सील कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ बरेली-भरतपुर राजमार्ग को भी सील कर दिया है। भरतपुर मार्ग की ओर जनपद सीमा पर अवरोधक लगा दिए गए हैं। हाथरस, अलीगढ़, खैर और सादाबाद की ओर जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बरती जा रही है।

इसके अलावा राजस्थान सीमा के और भी कई प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसमें गोवर्धन मार्ग, कोसी-छाता और बरसाना मार्ग भी शामिल है। जनपद के सभी मार्गों पर रोडवेज को छोडकर किसी भी अन्य निजी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button