
कांग्रेस कार्य समिति में राहुल को लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने का प्रस्ताव पारित
जनता का भरोसा बरकरार रखने के लिए करने होंगे सभी प्रयास : खड़गे
नयी दिल्ली : कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति ने पार्टी नेता राहुल गांधी को सर्वसम्मति से लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने का प्रस्ताव पारित किया और कहा कि श्री गांधी ही लोकसभा में पार्टी के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठा सकते हैं।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शनिवार को कार्य समिति की बैठक के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कार्य समिति ने श्री गांधी को विपक्ष का नेता बनने का प्रस्ताव पारित किया है और उन्हें उम्मीद है कि श्री गांधी इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेंगे।
श्री वेणुगोपाल ने कहा, “कार्य समिति ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद संभालने का अनुरोध किया है। श्री गांधी इसके लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं और वह संसद में पार्टी के मुद्दों को शिद्दत के साथ उठाने और पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त हैं।”श्री गांधी ने कहा है कि वह कार्यसमति के निर्णय पर बहुत जल्द फैसला लेंगे।यह पूछे जाने पर कि श्री गांधी रायबरेली या वायनाड में से अपने पास कौर सी सीट रखेंगे उन्होंने कहा कि इस बारे में तीन-चार दिन में फैसला लिया जाएगा। जनता दल-यू अध्यक्ष तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इंडिया समूह की तरफ से प्रधानमंत्री बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कार्य समिति की बैठक में उत्साह का माहौल था और सभी नेता लोक सभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से उत्साहित थे। कार्य समिति में मौजूद नेताओं के मूड से लग रहा था कि उन्हें भरोसा हो गया है कि कांग्रेस का पुनरुद्धार का कार्य अब शुरू हो गया है।श्री वेणुगोपाल ने कहा, “कांग्रेस कार्यसमिति की आज की बैठक का माहौल चार महीने पहले हुई बैठक से बिल्कुल अलग था और पार्टी के नेता से लेकर कार्यकर्ता तक सभी ऊर्जा से भरे नज़र आ रहे थे। बैठक में प्रचार और गारंटी योजनाओं जैसे विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। खाते सील होने और पार्टी नेताओं को ब्लैकमेल किए जाने के बावजूद संसदीय चुनावों में पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहा और सभी नेता इससे उत्साहित नजर आ रहे थे।
”उन्होंने कहा, “हमारी यात्रा इस बार ज्यादा ही चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन कांग्रेस के सभी नेता तथा कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए योद्धाओं की तरह लड़े। कांग्रेस को खत्म करने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन पार्टी मजबूती से खड़े रही। भाजपा का मात्र एक एजेंडा लोगों को बांटना था, लेकिन कांग्रेस तथा इंडिया समूह हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ा रहा।”कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में जिन क्षेत्रों में उम्मीद से कम सीटें पार्टी को मिली है उसके कारणों की समीक्षा की जा रही है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उन राज्यों में तथा क्षेत्र में स्थिति का आकलन करने के लिए समिति का गठन करेंगे। समितियां जो रिपोर्ट देंगी उसके आधार पर कांग्रेस अध्यक्ष उन राज्यों में पार्टी की स्थिति में सुधार के लिए कदम उठाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन रहा है और लोकसभा चुनाव में वहां अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा इसकी समीक्षा की जाएगी और इस पर विचार किया जाना है।उन्होंने कहा कि बैठक में कांग्रेस के नतीजे को लेकर विचार विमर्श हुआ है। उत्तर प्रदेश में पार्टी की स्थिति में सुधार का मुद्दा उठा, महाराष्ट्र का मुद्दा उठा और सभी मुद्दों पर सकारात्मक रूप से बात हुई। कांग्रेस समिति के लोगों का आज की बैठक में नैतिक आधार बहुत ऊंचा था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी वायनाड या रायबरेली लोकसभा सीट से इस्तीफा देंगे इस पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में तीन-चार दिन में निर्णय ले लिया जाएगा।
जनता का भरोसा बरकरार रखने के लिए करने होंगे सभी प्रयास : खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा देश की जनता के एक बड़े तबके ने आम चुनाव में कांग्रेस पर भरोसा किया है ,इसलिए जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हुए हमें अनुशासित और एकजुट होकर लोगों के भरोसे पर खरा उतरना है।श्री खड़गे ने आम चुनाव के बाद पहली बार हुई पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए आज कहा देश की जनता ने विपक्षी दलों की एकता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत को जो सम्मान दिया है, उसे बनाए रखने के लिए पार्टी को हर स्तर पर काम करना होगा।
उन्होंने कहा “हमारा काम निरंतर जारी रहेगा, चाहे हम सत्ता में हो या नहीं। हमें 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा, जनता के मुद्दों को उठाना होगा। कुछ महीनों में महत्वपूर्ण राज्यों के चुनाव होने है, हमें हर क़ीमत पर विरोधी दलों को परास्त करके, अपनी सरकार बनानी है। लोग बदलाव चाहते है, हमें उनकी ताक़त बनना होगा। जनता ने हम पर विश्वास करके के तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताक़तों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने भाजपा के 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है।
“श्री खड़गे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,”जनता ने हम में विश्वास व्यक्त करके के तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताक़तों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने भाजपा की 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है। कांग्रेस कार्यसमिति देश-भर में फैले पार्टी के नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती है जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अथक परिश्रम किया। मैं आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प और परिश्रम के लिए बधाई देता हूं।
कार्य समिति के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस कार्यसमिति कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देती है जिन्होंने विपरीत परस्तिथियों में चुनाव लड़कर जीत हासिल की। उन्हें 18वीं लोकसभा का सदस्य बनने पर शुभकामनाएँ। इस मौके पर मैं श्रीमती सोनिया गांधी जी को भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की बैठकों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने लंबे अनुभव के आधार पर हम सब का मार्गदर्शन किया।”श्री खड़गे ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पार्टी नेता राहुल गांधी ने संविधान, आर्थिक असमानता, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय और सौहार्द जैसे मसलों को उठाया और इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाकर जनता का का मुद्दा बनाया।
उन्होंने श्री गांधी को इसके लिए विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याया यात्रा करके उन्होंने जनता से जो संवाद स्थापित किया उससे देश का भरोसा कांग्रेस पर बढ़ा है। श्री गांधी के नेतृत्व में दो साल पहले चार हजार किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा और फिर 6,600 किमी लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की मदद से कांग्रेस को जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं, सरोकारों और आकांक्षाओं को जानने में मदद मिली और फिर इसी आधार पर कांग्रेस ने अपना चुनावी अभियान तैयार किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यहाँ मैं इस बात का भी ख़ास उल्लेख करना चाहूँगा कि जहां- जहां से भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुज़री वहाँ पर कांग्रेस के वोट प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई। मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू हुई और वहां कांग्रेस ने दोनों सीटें जीती। नागालैंड, असम, मेघालय जैसे उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में हमे सीटें मिली। महाराष्ट्र में हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे। देशभर में कांग्रेस को लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लोगों का अपार समर्थन मिला।
“उन्होंने सुश्री प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया और कहा, “प्रियंका जी को खास तौर पर बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने अमेठी औऱ रायबरेली के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी ज़ोरदार प्रचार किया। मैं कांग्रेस के अपने सभी वरिष्ठ सहयोगियों को धन्यवाद दूँगा जिन्होंने एक टीम की तरह काम किया। ये हमारे सामूहिक प्रयासों का ही असर था कि देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नयी उमंग और जोश के साथ काम किया। यही नहीं एससी, एसटी, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की सीटों में वृद्धि हुई। हमें आगे यह प्रयास करना है कि शहरी मतदाताओं के बीच हम अपना प्रभाव बनाए और इन इलाक़ों में भी पार्टी को मज़बूत करें।
“कांग्रेस नेता ने इंडिया गठबंधन के नेताओं का भी आभार व्यक्त किया और कहा,”इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ हम संसद और संसद के बाहर एकजुट होकर और मिलकर काम करेंगे जिन अहम मुद्दों पर हम चुनाव अभियान में गए वे आम जनता के सरोकार के मुद्दे हैं और हम संसदऔऱ संसद के बाहर जनता के इन सवालों को लगातार उठाते रहेंगे।”उन्होंने कहा,“ हम जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। देश की जनता के एक बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है। हमब उनका भरोसा बरकरार रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। हमें अनुशासित रहना है। हमें एकजुट रहना है।”
यूपी कांग्रेस निकालेगी धन्यवाद यात्रा
लाेकसभा चुनाव में छह सीटों के रुप में उत्तर प्रदेश में संजीवनी पा चुकी कांग्रेस ने अब 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बना कर काम करना शुरु कर दिया है और इसी रणनीति के तहत पार्टी 11 जून से 15 जून तक प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में धन्यवाद यात्रा के जरिये लोगों के बीच जायेगी।पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शनिवार को बताया कि लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में मिली सफलता के बाद कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 विधानसभा में 11 जून से 15 जून तक धन्यवाद यात्रा निकालेगी।
पार्टी की राजनैतिक मामलों की समिति और लोकसभा चुनाव के जीते सांसदों और प्रत्याशियों की बैठक में पार्टी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में ये निर्णय लिया गया है।उन्होने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने में प्रदेश के मतदाताओं ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसके लिए पार्टी उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करेगें और जो पांच न्याय पच्चीस गारंटी जनता के हित से जुड़े हैं उनको केंद्र सरकार से जनता के लिए लागू करने को प्रयत्नशील रहेगें।अवस्थी ने कहा कि यात्रा में अविनाश पांडे औरअजय राय के अलावा कांग्रेस के जीते सांसद ,लोकसभा प्रत्याशी, विधायक, और सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। धन्यवाद यात्रा में समाज के प्रत्येक जाति वर्ग और धर्म के लोगों को संविधान देकर सम्मानित किया जायेगा।(वार्ता)



