
महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक कर सीएम योगी ने की लोकमंगल की प्रार्थना
गोरक्षपीठ के शक्ति मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक, हवन के साथ पूर्ण हुआ गोरक्षपीठ में शिवोपासना का अनुष्ठान
गोरखपुर । गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बुधवार को रुद्राभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से लोक मंगल और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की। रुद्राभिषेक गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास में स्थित शक्ति मंदिर में हुआ। रुद्राभिषेक के उपरांत मुख्यमंत्री ने हवन कर गोरक्षपीठ में शिवोपासना का अनुष्ठान पूर्ण किया।
महाशिवरात्रि पर विशेष उपासना के क्रम में बुधवार सुबह मुख्यमंत्री ने शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहित एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद सीएम योगी ने हवन तथा आरती कर चराचर जगत के कल्याण के लिए आदियोगी महादेव से प्रार्थना की। अनुष्ठान का यह कार्य दो घंटे से अधिक समय तक चला। इसके पूर्व मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
गोरक्षपीठ के लिए क्यों खास है महाशिवरात्रि का पर्व
उल्लेखनीय है कि नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ सबका कल्याण करने वाले भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। गोरखनाथ मंदिर के मूल में भी लोक कल्याण एवं लोक मंगल की ही भावना है। ऐसे में गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व बेहद महत्वपूर्ण होता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीएम योगी ने सभी स्नानार्थियों का पावन स्नान पर्व पर किया अभिनंदन
गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पावन स्नान पर्व पर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं, पूज्य साधु संतों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव और पुण्य सलिला मां गंगा से सभी के कल्याण की प्रार्थना की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ से इतर समस्त देशवासियों को भी महाशिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स हैंडल से लिखा, ‘महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में भगवान भोलेनाथ की उपासना को समर्पित महाशिवरात्रि के पावन स्नान पर्व पर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन। त्रिभुवनपति भगवान शिव और पुण्य सलिला मां गंगा सभी का कल्याण करें, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव।
समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की दीं शुभकामनाएं
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा,
नमो देवादिदेवाय महादेवाय ते नमः।
त्र्यम्बकाय नमस्तुभ्यं त्रिशूलवरधारिणे।।
त्रिभुवनपति भगवान शिव की आराधना और उपासना को समर्पित पावन महापर्व महाशिवरात्रि की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की कृपा से सभी का कल्याण हो, सम्पूर्ण सृष्टि का उद्धार हो। हर हर महादेव।
पश्चिम बंगाल और नेपाल से भी पवित्र स्नान के लिए दौड़े चले आए श्रद्धालु
महाकुम्भ में 65 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने फहराई सनातन की धर्म ध्वजा