National

उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राज्यपाल को त्याग पत्र सौपा ,नयी सरकार के गठन की कवायद तेज

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शुक्रवार को नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरु हो गयी है। इसकी औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मौजूदा सरकार के मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक के साथ हुयी। बैठक के बाद योगी ने शाम को राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदी बेन से मुलाकात कर सरकार का कार्यकाल पूरा होने की जानकारी देते हुये उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।इससे पहले मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपार जन समर्थन एवं आशीर्वाद प्रदान करने के लिए जनता जनार्दन का अभिनन्दन करते हुए आभार प्रकट किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार बैठक में चुनाव के दौरान नेतृत्व एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित भी किया गया।

पंजाब मंत्रिमंडल की15वीं विस भंग करने की सिफारिश

चंडीगढ़ : पंजाब मंत्रिमंडल ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को राज्य की 15वीं विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर दी है।मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर आज यहां हुई बैठक में यह फैसला लिया । पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने विधानसभा चुनावों को लेकर शुक्रवार को कहा कि वह पंजाब के लोगों को नई व्यवस्था शुरू करने के इस बेहतरीन फैसले के लिए बधाई देते हैं।श्री सिद्धू ने कहा कि यह बदलाव की राजनीति है। उन्होंने कहा,“ लोगों की आवाज ईश्वर की आवाज है। हमें विनम्रता से इसे समझना चाहिए और इसके आगे झुकना चाहिए। लोगों के साथ मेरा जुड़ाव सीमित नहीं है, यह आध्यात्मिक और दिल का है। लोगों के साथ मेरा रिश्ता चुनावी जीत-हार तक सीमित नहीं है। मैं पंजाब के लोगों में ईश्वर और उनके कल्याण में अपना कल्याण देखता हूं। ”

भगवंत मान अमृतसर में करेंगे रोड शो, 16 मार्च को लेंगे शपथ

नई दिल्ली ।पंजाब में मिली जीत के बाद भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। शपथ से पहले भगवंत मान 13 मार्च को अमृतसर में एक रोड शो करेंगे जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भी उनके साथ होंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार गठन को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज पंजाब के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके माता-पिता से दिल्ली में मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। पंजाब में आप की क्लीन स्वीप के बाद केजरीवाल और सरदार मान के बीच यह पहली मुलाकात थी। यह निर्णय लिया गया कि आम आदमी पार्टी जनता का धन्यवाद देने के लिए 13 मार्च को अमृतसर में एक रोड शो का आयोजन करेगी। दोनों नेता नियोजित मेगा-रोड शो में मौजूद रहेंगे।

मुलाकात के दौरान ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरदार भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के लिए बहुत-बहुत बधाई दी और पंजाब व पंजाब की जनता के उज्जवल भविष्य के लिए दिन-रात काम करने का मंत्र दिया। इस दौरान पंजाब में सरदार भगवंत मान के नेतृत्व में नई सरकार के गठन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। शपथ ग्रहण समारोह और मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों पर भी चर्चा की गई।अमृतसर में होने वाले रोड शो में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के भावी मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने दिया इस्तीफा, कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे

इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को राज्यपाल ला गणेशन को अपना इस्तीफा सौंप दिया।श्री सिंह भाजपा विधायक दल के नये नेता की औपचारिक नियुक्ति होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते रहेंगे।राज्यपाल ने कहा, “श्री सिंह ने औपचारिकता के तौर पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मैं उनसे अनुरोध करता हूँ कि स्थायी व्यवस्था होने तक वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहें।”श्री सिंह मार्च-2017 में मणिपुर के मुख्यमंत्री बने थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के अभियान का नेतृत्व किया और पार्टी 60 में से 32 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल करने में सफल रहे।भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही प्रदेश के नेतृत्व पर फैसला कर सकता है।

धामी ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, फिलहाल कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को इस्तीफा सौंपा। श्री धामी का इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उनसे राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने एवं पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है।श्री धामी के साथ केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अरविंद पांडेय, यतीश्वरानंद, गणेश जोशी थे। उन्होंने कहा कि मुझे किसी पद की लालसा नहीं है। मैंने पार्टी की दी गई जिम्मेदारी को निभाया है।श्री धामी ने कहा, “मुझे खुशी है कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने हमें बहुमत दिया है। मैंने कभी किसी पद की लालसा नहीं रखी है। मैंने पार्टी नेतृत्व की ओर से दी गई जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। आगे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसका पालन करूंगा।”

उत्तराखंड विस चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन शुरू

नयी दिल्ली : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद अब पार्टी ने राज्य में अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन शुरू कर दिया है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव हार जाने और पद से इस्तीफा सौंप देने के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में कई बड़े नाम शामिल हो गए हैं।सूत्रों के मुताबिक भाजपा जीते हुए विधायकों में से ही किसी को मुख्यमंत्री बनाएगी।सूत्रों के अनुसार धन सिंह रावत और सतपाल महाराज इस बार मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में आगे चल रहे हैं। वहीं प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष और हरिद्वार शहर सीट से पांचवीं बार जीतने वाले मदन कौशिक के नाम पर भी आलाकमान मुहर लगा सकता है।इससे पहले जब जुलाई 2021 में मुख्यमंत्री की दौड़ में श्री रावत का नाम चला था, लेकिन पार्टी ने श्री धामी को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया था।वहीं श्री महाराज का नाम पहले भी कई बार मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर सामने आ चुका है। श्री महाराज पहले कांग्रेस में थे, लेक‍िन बाद में वह भाजपा के साथ आ गए।उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 2021 में चार महीने के भीतर दो मुख्यमंत्री बदले। उत्तराखंड में पिछली बार 2017 में भाजपा की जीत के बाद पूर्व त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री बने। भाजपा आलाकमान के निर्णय के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उसके बाद लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया। मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल भी अल्पकालिक था और जुलाई में श्री धामी को उनकी जगह मुख्यमंत्री बनाया गया।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button