PoliticsState

चुनाव जीतने के लिए पार्टी को बूथ स्तर से करें मजबूत: अमित शाह

भुवनेश्वर : भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ओडिशा में पार्टी सदस्यों से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव जीतने में मदद करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करने को कहा।श्री शाह ने यहां पार्टी कार्यालय में राज्य पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कोर कमेटी के सदस्यों के से कहा कि इसे लेकर किसी के मन में कोई संदेह नहीं होना चाहिए और लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए।

श्री शाह शुक्रवार को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। आज सुबह उन्होंने एनएचएआई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की उपस्थिति में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ वामपंथी उग्रवाद और आपदा तैयारियों की समीक्षा की।बाद में वह पार्टी कार्यालय गए और पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत के दौरान शाह ने उन्हें सलाह दी कि आगामी चुनाव के लिए खुद को कैसे तैयार किया जाए।बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने पत्रकारों से कहा कि मोदी सरकार राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पिछले नौ वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन शासन के 10 वर्षों के दौरान जारी किए गए 2.93 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले ओडिशा के विकास के लिए 18.83 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।श्री सामल ने कहा कि श्री शाह ने भाजपा नेताओं से अपील की थी कि वे लोगों को राज्य सरकार की विफलता और राज्य में भ्रष्टाचार तथा केंद्र में भाजपा सरकार के नौ साल के शासनकाल की उपलब्धियों के बारे में बताएं।उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कारण राज्य के लोग अपनी बुनियादी न्यूनतम सुविधाओं से वंचित हैं और दयनीय जीवन जी रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्टी नेताओं से एक जिम्मेदार विपक्षी दल के रूप में राज्य के 4.5 करोड़ लोगों के संपर्क में रहने को कहा। उन्होंने पार्टी सदस्यों को पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर सफल आंदोलन आयोजित करने की सलाह दी। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button