![27 साल बाद भाजपा ने फिर संभाली दिल्ली की बागडोर](https://i0.wp.com/cmgtimes.com/wp-content/uploads/2025/02/news-6.jpg?fit=680%2C313&ssl=1)
नयी दिल्ली : श्रीमती रेखा गुप्ता के दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र दिल्ली की सरकार की कमान आज पुन: संभाल ली।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियाें, उप मुख्यमंत्रियों एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में श्रीमती रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।उपराज्यपाल ने इसके साथ ही सर्वश्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलायी।
रामलीला मैदान पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भारी भीड़ से भरा हुआ था। मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही जनसमुदाय में हर्ष की लहर दौड़ गयी। उन्होंने जयश्रीराम के नारे लगाये।शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों ने आगे आकर जनसमुदाय का हाथ जोड़ कर अभिनंदन किया और सामूहिक तस्वीर भी खिंचवायी। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने किया।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी एवं भाजपा की दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली में वर्ष 1998 में श्रीमती सुषमा स्वराज ने दिल्ली एवं भाजपा की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था। इसके बाद कांग्रेस की श्रीमती शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना सिंह दूसरी एवं तीसरी महिला मुख्यमंत्री रहीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संभाला कार्यभार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण लेने के बाद अपराह्न दिल्ली सचिवालय में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। वह शाम को मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगी।श्रीमती गुप्ता आज अपराह्न तीन बजे औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के लिए दिल्ली सचिवालय पहुंची। इसके बाद में उनका शाम पांच बजे यमुना बाज़ार स्थित वासुदेव घाट में कार्यक्रम है।नये मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज ही शाम सात बजे दिल्ली सचिवालय में बुलायी गयी है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 27 साल के बाद भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आयी है। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने श्रीमती गुप्ता और उनके सहयोगी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्रीमती गुप्ता शालीमार बाग से भाजपा की विधायक चुनी गयी हैं।रेखा गुप्ता मंत्रिमंडल में सात मंत्रियों सर्वश्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को शामिल किया गया है।
कैग की लंबित रिपोर्ट को सदन की पहली बैठक में पटल पर जाएगा: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कैग की लंबित रिपोर्ट को सदन की पहली बैठक में रखा जाएगा।श्रीमती गुप्ता ने कैबिनेट की पहली बैठक के बाद बताया कि इस बैठक में दो बड़े निर्णय लिये गये। आयुष्मान योजना जो इससे पहले की सरकार ने रोक रखी थी। आयुष्मान योजना पांच लाख के टाॅप अप के साथ लागू करने के लिए सर्वसम्मति से कैबिनेट ने पारित किया है। कैग की चौदह रिपोर्ट लंबित है जो पिछली सरकार ने सदन के पटल पर नहीं रखा था, उसे सदन की पहली बैठक में सदन के पटल पर रखा जाएगा।उऩ्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को आय़ुष्मान योजना का लाभ मिलना शुरु हो जाएगा।श्रीमती गुप्ता ने इससे पहले कहा कि दिल्ली की नवगठित सरकार में विभागों का बंटवारा हो गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त मंत्रालय के अलावा महिला एवं बाल विकास, राजस्व, योजना और भूमि विभाग अपने पास रखा है। श्री प्रवेश वर्मा को पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण एवं गुरुद्वारा चुनाव विभाग दिया गया है।उन्होंने कहा कि आशीष सूद को गृह, ऊर्जा और शिक्षा विभाग दिया गया है। श्री मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, खाद्य और आपूर्ति विभाग के अलावा पर्यावरण विभाग भी दिया गया है। श्री कपिल मिश्रा को श्रम, रोजगार विभाग के साथ कला और संस्कृति, कानून और न्याय विभाग व पर्यटन विभाग दिया गया है। पंकज सिंह को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व परिवहन विभाग दिया गया है। श्री रविंद्र सिंह इंद्राज को समाज कल्याण, कोपरेटिव और चुनाव विभाग दिया गया है।
विश्वास है, रेखा गुप्ता दिल्ली के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास जताया है कि दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने विस्तृत अनुभव के साथ केंद्र शासित प्रदेश के विकास के लिए पूरी शक्ति से काम करेंगी।श्री मोदी ने श्रीमती गुप्ता (50) को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, राज्य संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वह दिल्ली के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”श्रीमती रेखा गुप्ता को आज मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गयी। वह दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रणह समारोह में प्रधानमंत्री श्री मोदी भी उपस्थित थे।
योगी ने दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेखा गुप्ता को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की हैं।श्री योगी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया “ श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हृदयतल से बधाई व शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के साथ समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के आदर्श मानक स्थापित करेगी।”उन्होने शपथ ग्रहण समारोह में न पहुंचने पर खेद व्यक्त करते हुये कहा “ उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2025-2026 के बजट प्रस्तुतीकरण में व्यस्तता के कारण आपके शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित नहीं हो पा रहा हूं। पुनश्च शुभकामनाएं।”
दिल्ली सरकार ने पहले ही दिन दर्शाया भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का संकल्प: सचदेवा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने गुरुवार को पहली मंत्रिमंडल बैठक में न सिर्फ यहां के निवासियों को आयुष्मान भारत योजना जैसा तोहफा दिया है, बल्कि विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की लंबित सभी रिपोर्टों को रखने का प्रस्ताव पारित कर भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का संकल्प दर्शाया।श्री सचदेवा ने कहा कि यमुना आरती करके सरकार ने समयबद्ध यमुना सफाई करने के स्वप्न के संकल्प को भी दोहराया है। उन्होंने कहा, “हमने चुनाव प्रचार के दौरान मंत्रिमंडल की पहली बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा किया था और आज प्रदेश सरकार ने भाजपा के स्वास्थ्य से जुड़े जन संकल्प को पूरा किया है। शीघ्र ही हम पूरे चुनाव संकल्प पत्र पर काम प्रारम्भ करेंगे।(वार्ता)
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में पेश किया यूपी के इतिहास में अबतक का सबसे बड़ा बजट