यूक्रेन के खिलाफ शुरू हुई रूस की सैन्य कार्रवाई का आज पूरी दुनिया के शेयर बाजार पर जबरदस्त असर पड़ा है। यूक्रेन पर रूस के हमले का भारतीय शेयर बाजार पर भी इतना जबरदस्त प्रभाव पड़ा है कि आज कारोबार के शुरुआती आधे घंटे में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2,084.33 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि उसके बाद घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी के कारण शेयर बाजार में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन बाजार जोरदार गिरावट के साथ ही कारोबार कर रहा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने आज 1,813.61 अंक की जोरदार गिरावट के साथ 55,418.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार में शुरुआती मिनट से ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स 2,084.33 अंक का गोता लगाकर 55,147.3 अंदर तक गिर गया। शेयर बाजार में आई इस जोरदार गिरावट के बाद बाजार को संभालने के लिए घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने तेज खरीदारी शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की स्थिति में कुछ सुधार होता नजर आया। डीआईआई की खरीदारी के बावजूद बाजार में बिकवाली का दबाव लगातार बना रहा। खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1,819.35 अंक यानी 3.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,412.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी आज नेगेटिव सेंटिमेंट्स की वजह से 514.35 अंक की गिरावट के साथ 16,548.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। यूक्रेन पर रूसी हमले के कारण शेयर बाजार में मची भगदड़ के बीच शुरुआती आधे घंटे के दौरान जमकर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी 609.60 अंक की गिरावट के साथ 16,453.65 अंक के स्तर तक पहुंच गया।
बाजार में आई इस जोरदार गिरावट के बाद हालात को संभालने के लिए घरेलू संस्थागत निवेशकों ने एक्टिव होकर चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी। घरेलू संस्थागत निवेशकों की बाइंग एक्टिविटी के कारण निफ्टी की स्थिति में सुधार आया और शुरुआती 1 घंटे कारोबार में ही ये सूचकांक निचले स्तर से करीब 70 अंक तक ऊपर आ गया। 1 घंटे का कारोबार पूरा होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 537.10 अंक यानी 3.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 16,526.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
आज प्री ओपनिंग सेशन में भी यूक्रेन और रूस के यूद्ध का शेयर बाजार पर असर नजर आया। इसकी वजह से शेयर बाजार ने बड़ी कमजोरी के साथ ही प्री ओपेनिंग में कारोबार की शुरुआत की। बीएसई का सेंसेक्स 1,108.54 अंक यानी 1.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56,123.52 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 427 अंक यानी 2.50 प्रतिशत गिरकर 16,636.30 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को सेंसेक्स 57,232.06 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 17,063.25 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।(हि.स.)
कच्चा तेल 100 डॉलर के पार
रूस का यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के ऐलान से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। हालांकि, घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रहे। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने 111वें दिन भी दोनों ईंधनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल 95.41 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक देश के अन्य महानगरों मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत क्रमश: 109.98 रुपये, 104.67 रुपये और 101.40 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। वहीं, इन महानगरों में डीजल का भाव भी क्रमश: 94.14 रुपये, 89.79 रुपये और 91.43 रुपये प्रति लीटर है। इसके साथ ही नोएडा में पेट्रोल 95.51 रुपये और डीजल 87.01 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन पर रूस के हमले की कार्रवाई का असर कच्चे तेल की कीमत पर दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल का भाव उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत 95.47 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं, ब्रेंट क्रूड 100.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।



