
वाराणसी। कैंट स्टेशन से इंग्लिशिया लाइन मार्ग पर आज सुबह लावारिस अटैची मिलने से हड़कंप मचा रहा। सूचना मिलते ही मौके पर इलाकाई पुलिस व बम डिस्पोजलदस्ते ने मोर्चा संभाला व पूरे इलाके को घेर लिया। बताया गया कि कैंट- चौकाघाट मार्ग के पिलर संख्या 69 के समीप आज सुबह लगभग 10:30 बजे एक लावारिस अटैची काफी देर से पड़ी देखी गई। आने जाने वाले राहगीरों ने वहां के दुकानदारों को सूचित किया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ लग गई। अचानक बकरीद के दिन लावारिस अटैची देख लोगों ने उसमें बम होने की आशंका जाहिर की।
आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर सिगरा पुलिस के साथ रोडवेज चौकी प्रभारी सदल बल मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पूरे इलाके को सील कर आवागमन रोक दिया गया। कुछ देर बाद बम डिस्पोजल दस्ता भी मौके पर बुला लिया गया। कुछ देर बाद बम डिस्पोजल दस्ता ने जब सावधानीपूर्वक अटैची को खोला तो उसमें कपड़े व जरूरत के सामान निकले। बम की अफवाह कोरी निकली तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अनुमान लगाया जा रहा कि किसी राहगीर या यात्री की उक्त अटैची वहां छूट गई। फिलहाल उस कोई लेने वहां नहीं पहुंचा था।



