
वोट डालने आयी महिला का पहले से ही वोट पड़ जाने की बात पर पुलिस से नोकझोंक
घंटों मतदान बाधित, एसडीएम के पहल पर सीमा देवी ने डाला वोट
दुद्धी, सोनभद्र- दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत रन्नू में बूथ संख्या 193 पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक महिला को वोट देने से पहले ही पीठासीन अधिकारी द्वारा बताया गया कि आपका वोट पड़ चुका है। लापरवाही से उसके नाम के आगे सही निशान लगा दिया गया था।जिसे देख महिला भड़क गई कि मैंने वोट दिया नही तो वोट कैसे पड़ गई।
बताया जाता है कि सभी महिलाएं बारी बारी से मतदान कर रही थी, जैसे ही सीमा नामक महिला की बारी आई तो पीठासीन अधिकारी ने कहा कि आपका मत पड़ चुका है। इतना सुनते ही मताधिकार का प्रयोग से वंचित होने को लेकर हंगामा करने लगी ।इसी बीच पुलिस से महिला एवं समर्थकों की झड़प भी हुई। झड़प की सूचना पर तत्काल दुद्धी उपजिलाधिकारी रमेश कुमार व पुलिस क्षेत्राधिकारी रामाशीष यादव प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी पंकज कुमार सिंह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और महिला सहित अन्य लोगों से वस्तु स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि उक्त महिला के नाम के आगे गलती से पीठासीन अधिकारी ने सही निशान लगा दिया था। एसडीएम ने तत्काल गलती सुधरवा कर मतदान कराया तब जाकर महिला का आक्रोश शांत हुआ।पूर्व माध्यमिक विद्यालय रंन्नू बूथ संख्या 193 सेक्टर 15 की घटना के संदर्भ में जिला निर्वाचन अधिकारी सोनभद्र को घटना के संदर्भ में उप जिलाधिकारी द्वारा रिपोर्ट कर दी गयी।
मतपत्र से वार्ड सदस्य प्रत्याशी का नाम गायब
दुद्धी- विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत मल्देवा के वार्ड नम्बर 2 से खड़ी वार्ड सदस्य प्रत्याशी शायरा बानो का नाम मतपत्र से गायब मिला। इस वार्ड से कुल 5 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। जिनमें से 4 प्रत्याशियों के नाम चुनाव चिन्ह समेत बैलेट पेपर पर अंकित है।लेकिन पांचवे प्रत्याशी शायरा बानो पत्नी नूर का नाम बैलेट पेपर से गायब है।जबकि उसे ब्लाक से चुनाव चिन्ह भी आवंटित किया गया है।सायं 4 बजे तक पीड़ित प्रत्याशी इधर उधर अधिकारियों का चक्कर लगाकर अपनी समस्या बताता रहा,लेकिन उसकी सुनवाई नही हो सकी थी।इस बाबत जब उपजिलाधिकारी दुद्धी रमेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस तरह की कोई भी शिकायत मेरे संज्ञान में नही आयी है।
दुद्धी ब्लाक क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई वोटों की बारिश
दुद्धी, सोनभद्र- ब्लाक क्षेत्र के सभी 58 ग्राम पंचायतों में वोटों की झमाझम बारिश हुई।खबर लिखे जाने तक लगभग 65 फीसदी मतदान हो चुका था। कोरोना की भयावहता से निडर वोटरों में मतदान के प्रति खासा उत्साह देखने को मिली। अधिकांश बूथों पर देर शाम तक वोटिंग के लिए लाइन लगी रही। छिटपुट नोकझोंक के बीच सभी जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। पूरे क्षेत्र एवं बूथों पर सुरक्षा के चौकस प्रबंध किये गए थे। एसडीएम रमेश कुमार एवं सीओ रामआशीष यादव फोर्स के साथ चक्रमण करते रहे।




