नई दिल्ली । कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जेईई (ज्वाइंट एंट्रेंस एक्जामनेशन) मेंस की अप्रैल और मई में प्रस्तावित परीक्षाओं के टलने की संभावना बढ़ गई है। शिक्षा मंत्रालय की इस संबंध में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी होगी। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में इसे लेकर फैसला लिया जा सकता है। मंत्रालय ने यह पहल उस समय की है, जब चार मई से प्रस्तावित सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं को पहले ही वह स्थगित करने का फैसला ले चुका है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अप्रैल में प्रस्तावित नीट पीजी की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। ऐसे में 27 अप्रैल से शुरू होने वाली जेईई मेंस की परीक्षा को स्थगित करने का दवाब और बढ़ गया है।



