UP Live

युवा अधिवक्ता के असामयिक निधन पर तीन दिन का शोक,अधिवक्ताओं ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

दुद्धी, सोनभद्र- स्थानीय कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले युवा अधिवक्ता रामप्रकाश सिन्हा का असामयिक निधन होने से कचहरी में शोक की लहर दौड़ गयी। वे तीन चार दिनों से अस्वस्थ थे और उनका इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार की देर रात उनका वाराणसी में ही निधन हो गया।

बुधवार की प्रातः उनका शव दुद्धी पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।प्रातः से ही उनके आवास पर पहुंचकर राजेन्द्र श्रीवास्तव, जितेन्द्र श्रीवास्तव, कैलाश कुमार समेत सैकड़ो शुभचिंतक परिजनों को ढाढस बंधाते रहे। हर दिल अजीज और हंसमुख स्वभाव के धनी युवा साथी श्री सिन्हा की अकस्मात मौत लोगों के गले नही उतर रही। बुधवार की दोपहर भारी जनसमुदाय व अधिवक्ताओं के बीच कनहर नदी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

उधर शोकाकुल सिविल एवं दुद्धी बार के अधिवक्ताओं ने साथी अधिवक्ता श्री सिन्हा एवं पूर्व विधायक सीएम प्रसाद के निधन पर शोकसभा आयोजित कर,दो मिनट का मौन रखा और मृत आत्मा की शांति एवं परिवार को सहन शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।दुद्धी बार के अध्यक्ष कैलाश कुमार गुप्ता ने तीन दिन के शोक की घोषणा करते हुए, न्यायिक कार्यों से विरत रहने की बात कही।उन्होंने कहा कि गुरुवार को बार सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है।सभी साथी अधिवक्ताओं से उपस्थित रहने की अपील की है

Related Articles

Back to top button