
वाराणसी/मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र हथिनी गांव के पास सोमवार की भोर में पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश राम सिंह उर्फ आनंद को गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल बदमाश को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ मऊ, जौनपुर और गाजीपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सरायलखंसी थानाध्यक्ष राम सिंह रविवार की रात रात गश्त पर थे। पहसा चट्टी के पास उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार दो बदमाश भीटी चौराहे से सरवां की जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को यह सूचना दी। सुबह करीब पांच बजे शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव, स्वॉट टीम के प्रभारी राजेश प्रसाद यादव और एसओजी प्रभारी अविनाश सिंह पुलिस टीम के साथ बदमाशों को पकड़ने के प्रयास में जुट गए।
तमसा नदी पार कर भाग रहा था बदमाश
इधर पुलिस की भनक मिलने पर बदमाश सरवां से आगे तमसा नदी का पुल पार कर हथिनी की ओर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों को रुकने के लिए कहा लेकिन बदमाश फायरिंग करने लगे। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई तो बदमाश के पैर में एक गोली लग गई। घायल बदमाश गिर गया जबकि उसका साथी भाग निकला। बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने की वजह से पुलिसकर्मी बच गया। घायल बदमाश की पहचान जौनपुर जिले के लेबरुआ, चंदवक निवासी राम सिंह उर्फ आनंद सिंह के रूप में हुई। मुठभेड़ की जानकारी पाते ही अपर पुलिस अधीक्षक टीएन त्रिपाठी, सीओ सिटी धनंजय मिश्र मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गये बदमाश रामसिंह उर्फ आनंद पर मऊ के सरायलखंसी थाने सहित जौनपुर, गाजीपुर और मुंबई में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


