UP Live

कोतवाल द्वारा पत्रकारों से की गई अभद्रता पर आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बैठक में निन्दा प्रस्ताव पारित, कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग

दुद्धी,सोनभद्र- शनिवार को दुद्धी में पत्रकारों की एक आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई।जिसमें प्रदेश सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर आमजन तक सरकार की उपलब्धियां गिनाने आये जनपद के प्रभारी मंत्री का समाचार कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ सदर कोतवाल द्वारा की गई अभद्रता की कड़ी निन्दा एवं अभद्र कोतवाल पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गयी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि घटना दिनांक 19 मार्च की है। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर जिला मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डा. सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम के उपरांत एक पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया जाना था। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक से अपनी फरियाद करने आये पति-पत्नी को सदर कोतवाल द्वारा जबरदस्ती कार्यक्रम स्थल से खींच ले जाया जाने लगा। मौके पर मौजूद पत्रकारों से उक्त दंपति ने जब अपनी बात कहनी चाही तो कोतवाल द्वारा फरियादी को धक्के मारकर न केवल उन्हें एक गाड़ी में ठूंस दिया गया। बल्कि फोटो खींच रहे पत्रकारों के साथ भी बदसलूकी की गई।

प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में पुलिस ने पत्रकारों के साथ अभद्रता की तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मिशन “नारी शक्ति” की धज्जियाँ उड़ाकर रख दी। जनपद भर के पत्रकार सदर कोतवाल के इस कृत्य से आक्रोशित हैं।पत्रकारों ने मामले में दोषी सदर कोतवाल पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए,मुख्यमंत्री को नामित एक ज्ञापन एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार को सौंपा।इस मौके पर विष्णु अग्रहरि, विष्णुकांत तिवारी, देवेश मोहन,सुशील कुमार गुप्ता, रमेश कुमार यादव,भीम जायसवाल आदि लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button