UP Live

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कोतवाली में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

दुद्धी, सोनभद्र- महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंगलवार को स्थानीय कोतवाली में शांति समिति की बैठक उपजिलाधिकारी रमेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कैलाश कुंज द्वार व हिरेश्वर मंदिर पर लगने वाले मेलों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। एसडीएम रमेश कुमार ने लोगों से कॅरोना काल को दृष्टिगत रखते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में महाशिवरात्रि का पर्व मनाने की अपील की। स्थानीय कस्बे के शिवाला मंदिर से चलकर कैलाश कुंज द्वार तक जाने वाली शिव बारात के रूट व उमड़ने वाले संभावित भीड़ को लेकर भी चर्चा की गई।

जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया अग्रहरि ने महाशिवरात्रि पर्व के दिन नगर की मीट, मुर्गा व मछली की दुकानों को बंद रखने का आग्रह किया। अन्य वक्ताओं द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के दिन अपराहन 3:00 बजे से लेकर सायंकाल 7:00 बजे तक नगर के मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही गई। जिस पर मौके पर उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक रामअशीष यादव ने यातायात व्यवस्था प्रशासन की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि मेला भी लगेगा और आवागमन भी चालू रहेगा। इसके लिए प्रशासन मकर संक्रांति मेले की भांति एक रणनीति के तहत ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगा। मरीजों व बस सवारी बसों को प्राथमिकता के तौर पर मेले से गुजरने देने की बात का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर नगर चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री व डीसीएफ अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रहरि, जामा मस्जिद के सदर मोहम्मद शमीम अंसारी, डॉक्टर लवकुश प्रजापति, संजू तिवारी, आलोक अग्रहरि, कमलेश सिंह, मोनू सिंह, गोपाल जी, मेराज, दिग्गज जौहरी, सुधीर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button