अधिवक्ताओं ने मांगों को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
दुद्धी, सोनभद्र- दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश कुमार गुप्ता की अगुवाई में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।जिस पर एडीएम ने मांगों के निदान का आश्वासन दिया।अध्यक्ष श्री गुप्ता ने बताया कि मांगपत्र में वादकारियों से सम्बंधित दो प्रमुख समस्याओं का जनहित में त्वरित निदान की मांग की गई है।जिसमे प्रमुख रूप से दुद्धी न्यायालयीय क्षेत्र की समस्त राजस्व मुकदमें जो राबर्ट्सगंज व ओबरा में चल रहे हैं, उन्हें शीघ्र वापस कर दुद्धी कैम्प न्यायालय में ही सुनवाई कराने की मांग की गई है।जिससे कि वादकारियों को अनावश्यक रूप से सफर न करना पड़े।इसके साथ ही दूसरी प्रमुख मांग स्थानीय क्षेत्राधिकार के अंतर्गत लावारिस में बन्द गाड़ियों को छोड़ने का अधिकार दुद्धी एसडीएम को दिये जाने की है।श्री गुप्ता ने बताया कि पूर्व में लावारिस गाड़ियों की रिहाई के आवेदन एसडीएम दुद्धी के यहां किया जाता था।किंतु इधर बीच यह अधिकार जिले पर दे दिया गया है।जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इसलिए पूर्व की भांति लावारिस गाड़ियों को रिलीज करने का अधिकार दुद्धी एसडीएम को पुनः देने की मांग जनहित में की गई है।इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिवक्ता विश्वनाथ गुप्ता,विजय सिंह, जवाहर लाल पांडेय,अरुणोदय जौहरी,सचिव प्रदीप कुमार शामिल रहे।



