
टीवी उन्मूलन टीम को विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
प्रदेश में गठित 3 टीमों में एक टीम का दुद्धी पहुंचना सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक-हरिराम चेरो
दुद्धी, सोनभद्र- प्रदेश को क्षय रोग से पूर्णतयाः मुक्त करने के लिए प्रदेश सरकार ने कमर कस ली है। इस क्रम में मंगलवार को क्षय रोग की 23 सदस्यीय टीम को क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने हरी झंडी दिखाकर नगर के पड़ोसी गांव धनौरा के लिए रवाना किया। विधायक श्री चेरो ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार आदिवासियों के हित में तमाम प्रकार के जनकल्याणकारी व जनस्वास्थ्य की योजनाओं का संचालन कार्य कर रही है। क्षय रोग उन्मूलन के लिए प्रदेश में चल रही तीन अत्याधुनिक क्षय रोग मोबाईल टीम की बसों में एक का अति पिछड़े व सुदूरवर्ती क्षेत्र में पहुंचना इस बात का प्रमाण है। योजना के तहत क्षय रोग से पीड़ित हर व्यक्ति का निःशुल्क जांच व इलाज किया जाएगा। 
जिला क्षय रोग अधिकारी/अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डॉ बीके अग्रवाल ने बताया कि यह टीवी उन्मूलन का चेन्नई का प्रोजेक्ट है। जलमा कुष्ट एवं अन्य माईक्रो बैक्टीरियल रोग संस्थान आगरा व उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त सहयोग से प्रदेश के चयनित 57 जनपदों के 104 क्लस्टर में टीवी से प्रभावित मरीजों की खोज व इलाज निशुल्क की जाएगी। डॉ अग्रवाल ने बताया कि सर्वे के अंतर्गत 23 सदस्यीय सर्वे टीम बस के साथ चुने हुए क्लस्टर में जाएगी और 15 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के 800 लोगों को उनके स्वास्थ्य संबंधित सामान्य प्रश्न जो कि क्षय रोग से जुड़े हुए होंगे पूछे जाएंगे। सर्वे बस पर ही उनका डिजिटल एचडी एक्सरे से किया जाएगा। प्रश्नावली या एक्सरे चेस्ट के आधार पर जिन लोगों में छह के लक्षण पाए जाएंगे, उनके बलगम की जांच की जाएगी। छह रोग की पुष्टि होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से छह रोग का निःशुल्क इलाज प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अगर दो हफ्तों से ज्यादा किसी को खांसी आ रही हो, शाम को बुखार आती हो, बलगम में खून आता हो, लगातार वजन कम हो रहा हो, सीने में दर्द रहता हो यह भी टीवी के लक्षण हो सकते हैं। संबंधित व्यक्ति इसकी जांच निशुल्क करा सकता है। इस अवसर पर केंद्र अधीक्षक डॉक्टर गिरधारी लाल, डॉ मनोज एक्का, डॉ पीसी जायसवाल, डॉ गौरव सिंह, बीपीएम संदीप सिंह, वरिष्ठ क्षय रोग प्रयोगशाला प्राविधिक विष्णु दयाल, जयशंकर पाण्डेय, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित सोनी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।



