पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का भण्डाफोड़
6 अभियुक्त हिरासत में ,भारी मात्रा में शराब ,उपकरण बरामद
वाराणसी। पूर्व में हुई जहरीली शराब से मौत की घटनाओं को देखते हुए जिले की पुलिस आजकल सतर्क है। शासन के निर्देश पर आबकारी टीम और पुलिस विभाग अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई में जुटी है। इसी क्रम में देर रात बड़ागांव थाना क्षेत्र के खररिया ( चंगवार ) गांव में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। बताया गया कि देर रात पुलिस इलाके में गश्त कर रहे थे तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चंगवार गांव में एक मुर्गी फार्म के पीछे शराब बनाने का बड़ा कारखाना चल रहा है। बताया गया कि यहां से अवैध शराब निर्मित कर बाहर सप्लाई किए जाने की तैयारी है।
इस सूचना पर पुलिस की 2 टीमें तत्काल गठित कर उक्त अड्डे पर छापेमारी शुरु हुई। पुलिस के पहुंचते ही कारखाने पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। छापेमारी के दौरान कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर यहां से छह अभियुक्तों को धर दबोचा जिन से थाने में पूछताछ चल रही है। जिस पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी हुई वः स्थानीय सुभाष नामक व्यक्ति का बताया गया। रात में लगभग 11:30 बजे शुरू हुई छापेमारी की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई थी। मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री के अलावा निर्मित व अर्ध निर्मित भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। यहां शराब की कई शीशियां, ढक्कन , रैपर और तमाम उपकरण भी मिले हैं। पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर उनका नेटवर्क खंगाल रही है। शीघ्र ही इस मामले में कई अन्य की भी गिरफ्तारी हो सकती है।


