
राष्ट्रीय सदभावना समिति का 15वां वार्षिकोत्सव संपन्न
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा जलवा
दुद्धी – राष्ट्रीय सदभावना समिति के बैनर तले गणतंत्र दिवस पर आयोजित 15वें सांस्कृतिक प्रतियोगिता में नन्हें मुन्ने बच्चों ने खूब जलवा बिखेरा।लोकगीत, राष्ट्रगीत, समेत फिल्मी गानों के धुन पर आधारित इस ईनामी प्रतियोगिता में करीब दर्जनों बच्चों ने एकल व ग्रुप में प्रतिभाग किया।तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम की बढ़ती लोकप्रियता के मद्देनजर हजारों महिलाओं,पुरुष एवं बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी।जिसे व्यवस्थित करने में कमेटी एवं प्रशासन के पसीने छूट गए।एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने लोगों को अंत तक बांधे रखा।करीब 6 घंटे तक चले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक हरीराम चेरो ने प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को पुरस्कृत कर उत्साह वर्धन किया।उन्होंने प्रतिभा निखार कार्यक्रम से प्रभावित होकर आयोजन कमेटी को धन्यवाद ज्ञापित किया और 25 हजार रुपए का सहयोग प्रदान किया।
विशिष्ट अतिथि सुनीता कमल पूर्व चेयरमैन दुद्धी ने बच्चों को शुभकामनाएं दी।एकल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंजली कुंदन को एलसीडी टीवी,द्वितीय स्थान आयुषी रावत को हीरो रेंजर साइकिल तथा तृतीय स्थान अक्षत को जूसर मिक्सी से पुरस्कृत किया गया।ग्रुप डांस प्रतियोगिता में जूनियर ग्रुप में प्रथम स्थान रॉक स्टार को 2500 रुपये, द्वितीय स्थान साजिया खान को 2100 रुपये तथा तृतीय स्थान जुबी सूफी को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
सीनियर ग्रुप में प्रथम स्थान शहीद भगत सिंह ग्रुप को 3100 रुपये, द्वितीय स्थान हिंदुस्तान मेरी जान को 2100 रुपये एवं तृतीय स्थान एक्स वन एक्स को 1100 रुपये से सम्मानित किया गया। जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चों को स्व.सीतेश कुमार की स्मृति में संरक्षक कमलेश मोहन द्वारा व्यक्तिगत पुरस्कार दिया गया।जबकि एकल में प्रथम पुरस्कार कमेटी के अध्यक्ष पंकज जायसवाल द्वारा, द्वितीय पुरस्कार कृपाशंकर द्वारा तथा तृतीय पुरस्कार कमेटी के महामंत्री जितेंद्र अग्रहरि पत्रकार द्वारा कमेटी को प्रदान किया गया। संचालन कार्यक्रम संयोजक कमल कुमार कानू ने किया।मुख्य संरक्षक कमलेश सिंह कमल ने आभार जताया। प्रतियोगिता में जज की भूमिका नित्यानंद मिश्र, नीरज अग्रहरि व मनोज पांडेय नई निभाई।इस मौके पर कोतवाल पंकज कुमार सिंह,उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल, कल्लन खान,अजय कुमार, राफे खान,राहुुुल समेत कई विशिष्ट जन उपस्थित रहे।






