
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के बेनीपुर इलाके में श्री साई ऑयरन नामक हार्डवेयर की दुकान में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर लाखों का माल उड़ा दिया। सुबह जब प्रतिष्ठान स्वामी दुकान खोलने पहुंचा तो वहां की स्थिति देख सन्न रह गया। मिली जानकारी के अनुसार दनियालपुर निवासी प्रदीप मौर्या की परशुरामपुर इलाके के बेनीपुर (अकथा ) इलाके में हार्डवेयर की दुकान है। कल रात 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया।
आज सुबह जब राहगीरों ने दुकान के बाहर रखा सरिया बिखरा देख लोगों ने दुकानदार को सूचित किया। इस सूचना से घबराया दुकानदार मौके पर पहुंचा तो वहां की स्थिति देख सन्न रह गया। चोरों ने दुकान से 25 बंडल सरिया गायब कर दिया था ,जिसकी कीमत लगभग एक लाख रूपये से अधिक बताई गई । उसने तत्काल 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस छानबीन में जुटी है। बता दें कि हाल ही में आशापुर बाजार स्थित एक आभूषण की दुकान में चोरों ने धावा बोलकर लाखों का आभूषण उड़ा दिया था। इसी तरह आशापुर चौराहे पर कई दुकानों में चोरी हो चुकी है। इलाकाई पुलिस चोरी की घटनाओं को रोकने में फिलहाल नाकाम साबित हो रही है।


