
‘बिहार में का बा….’- लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ जौनपुर में मुकदमा
जौनपुर के कालेज पर केन्द्रित 'गारी' को लेकर बिहार की गायिका पर मुकदमा ,बख़्श दिया गया डेढ़ साल पहले रिलीज हुए मूल गीत को, एक महीने पहले के गीत से निशाने पर नेहा सिंह .
जौनपुर। बिहार में पिछले दिनों हुए चुनाव के दौरान ‘बिहार में का बा….’ भोजपुरी गाने के बाद चर्चा मेंं आई बिहार की लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ जौनपुर में मुकदमा दाखिल किया गया है। नेहा के गाने ‘चला देखि आई जौनपुर के बीएड कॉलेज’ को आपत्तिजनक बताते हुए नेहा के खिलाफ मंगलवार को एसीजेएम चतुर्थ की कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया। कहा गया है कि गाना जारी होने के बाद अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव व उपेंद्र विक्रम सिंह ने लीगल नोटिस जारी कर नेहा से लिखित मांफी के लिए कहा था। गायिका की ओर से जवाब न मिलने पर बरसठी के पुरेसवा निवासी रवि प्रकाश पाल की ओर से मुकदमा दायर किया गया है।
https://youtu.be/1hqPXj9YvaA
कोर्ट ने सुनवाई के लिए 20 फरवरी की तिथि नियत की है। आरोप लगाया गया है कि गायिका ने इस गाने में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और इसे सोशल मीडिया पर प्रमोट किया गया। गाने की शैली एवं भाव भंगिमा के साथ शब्दों को अपमानजनक बताया गया है। गाने में यहां से बीएड करने वाली महिलाओं के बारे में अपमानजनक शब्द कहे गए हैं। इससे महिलाओं की गरिमा गिरी है। वादकारियों को भी मानसिक कष्ट पहुंचा। दिनांक 17 दिसंबर 2020 को वादी व गवाह धनंजय तिवारी व प्रमोद यादव ने गाना सुना।
गाने में महिलाओं के बारे में नकारात्मक छवि समाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। पब्लिसिटी स्टंट के लिए गाने में अनर्गल, बेबुनियाद, मिथ्या एवं आधारहीन शब्द प्रयोग किए गए हैं। जो कानूनन दंडनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं। कोर्ट से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है। हालांकि ‘भोजपुरी गारी’ (विवाह के अवसर पर महिलाओं द्वारा गाए जाने वाला लोकगीत) के तौर पर रिलीज हुआ यह गाना मौलिक भी नहीं है।
महज एक महीने पहले यूट्यूब पर आया यह गाना जुलाई 2019 में रिलीज हुए ‘गारी’ के वीडियो एलबम ‘चला देखी आई जौनपुर के टी डी कॉलेज’ में थोड़ा फेरबदल करके बनाया गया है। हालांकि नेहा के गाने को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व नेहा ने अपने गाने से इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्र संस्कृति को निशाना बनाया था। जिस पर वहां भी लोग भड़के थे।





