
नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की एंट्री हो गई है। ब्रिटेन से आए 6 लोग कोरोना वायरस के नए प्रकार से संक्रमित पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक इन सभी लोगों को राज्य सरकार द्वारा एक सेल्फ आइसोलेशन रूम में रखा गया है। जबकि उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारनटीन कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इन 6 लोगों में से तीन में नया स्ट्रेन बेंगलुरु की NIMHANS में, 2 हैदराबाद की सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी में और एक पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की लैब में पाया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से लगभग 33,000 यात्री भारत में उतरे हैं। इन सभी यात्रियों को ट्रैक कर राज्यों सरकारों द्वारा आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाया जा रहा है। अभी तक 114 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बता दें कि कोरोना ब्रिटेन में कोरोना के नए स्ट्रेन का पहला मामला सामने आया था। जिसके बाद भारत समेत ज्यादातर देशों ने ब्रिटेन से आने और जाने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ब्रिटेन के बाद से कोरोना का नया स्ट्रेन भारत, फ्रांस, स्पेन, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, कनाडा, डेनमार्क, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्वीडन, जापान, लेबनान, सिंगापुर में मिल चुका है।



