महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर संसद में सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। सरकार लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी में है, जबकि कांग्रेस सहित विपक्ष परिसीमन का विरोध कर वर्तमान सीटों के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग कर रहा है। क्षेत्रीय दलों के रुख और दो-तिहाई बहुमत पर सबकी नजर है।
नई दिल्ली : लोकसभा की सोमवार से शुरू होने वाली बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शह और मात का खेल चरम पर होगा जिसमें एक ओर सत्ता पक्ष विधेयक को पारित कराने के लिए आश्वस्त है वहीं इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में विपक्षी दल पहले वाली एकजुटता बनाए रखने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं।लोकसभा में परिसीमन विधेयक पर सोमवार तथा मंगलवार को और राज्यसभा में बुधवार तथा गुरुवार को चर्चा होगी। सभी दलों ने अपने सदस्यों को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधेयकों के पारित होने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की लड़ाई दशकों से चल रही है।उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद सरकार के साथ है और सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की राह में आने वाली हर रुकावट को दूर करेगी।विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर और सख्ती से विरोध करने का फैसला किया है। इंडिया गठबंधन के नेताओं की शनिवार को यहां हुई बैठक में सरकार के प्रस्तावित परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक का एकजुटता के साथ डटकर विरोध करने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी सहयोगियों के एकजुट रहने और इंडिया ब्लॉक के महत्वपूर्ण घटक रहे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के बदले सुरों को देखते हुए सरकार इस बार विधेयकों के पारित होने को लेकर आश्वस्त है।लोकसभा में 22 सदस्यों वाली द्रमुक ने विधेयकों का समर्थन करने की औपचारिक घोषणा कर दी है वहीं राकांपा (एसपी) ने शर्तों के आधार पर समर्थन की बात कही है। इन दोनों दलों ने आज हुई इंडिया गठबंधन की बैठक से भी दूरी बनाए रखी है। इसके अलावा तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति ने भी कहा है कि यदि दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी नहीं होती है तो उसे इस विधेयक का समर्थन करने में दिक्कत नहीं है। पार्टी का लोकसभा में प्रतिनिधित्व नहीं है लेकिन राज्यसभा में उसके तीन सदस्य हैं।
लोकसभा में चार सदस्यों वाली वाईएसआर कांग्रेस ने भी विधेयक के समर्थन की बात कही है। इंडिया गठबंधन का कहना है कि महिला आरक्षण तत्काल मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर ही लागू किया जाये तथा परिसीमन के नाम पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन नहीं बदला जाये। उसका कहना है कि लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षण तथा उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर कोई स्पष्ट प्रावधान विधेयक में नहीं किया गया है। प्रस्तावित व्यवस्था में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है।उसका कहना था कि संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत आरक्षित सीटों और आबादी के अनुपात से जुड़े सवालों को भी गंभीरता से देखने की जरूरत है। गठबंधन ने कहा है कि परिसीमन का आधार नई जनगणना के आंकड़े होने चाहिए।
गठबंधन के नेताओं ने परिसीमन विधेयक का पहले की तरह विरोध करने और महिलाओं के लिए मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर आरक्षण देने की अपनी पुरानी मांग पर कायम रहने का फैसला किया है।बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसके लिए परिसीमन और लोकसभा की मौजूदा सीटों में बदलाव जरूरी नहीं है। संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण विधेयक को पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। लोकसभा में अभी 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। इनमें से करीब 300 सांसद राजग और 180 सांसद इंडिया गठबंधन के हैं। सात निर्दलीय सांसदों समेत करीब 60 सदस्य ऐसे हैं, जो दोनों गठबंधनों से बाहर की पार्टियों के सदस्य हैं।
लोकसभा में द्रमुक के 22, राकांपा (एसपी) के आठ, वाईएसआरसीपी के चार सांसदों और कुछ अन्य के समर्थन से सरकार के पास 351 सदस्यों के समर्थन का आंकड़ा है। यदि लोकसभा के सभी 540 सदस्य सदन में मौजूद रहते हैं और मतदान करते हैं, तो विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को 360 वोटों की जरूरत होगी। समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस तथा शिवसेना (यूबीटी) के अलावा इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग जैसे छोटे दल भी शामिल हैं।आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है लेकिन वह विधेयक का विरोध कर रही है।
सरकार गत अप्रैल में भी परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लाई थी लेकिन विपक्ष की एकजुटता के कारण मतविभाजन में विधेयक गिर गया था। परिसीमन और संविधान संशोधन प्रस्तावों में लोकसभा में अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 और विधानसभाओं में 650 तक करने, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।
परिसीमन को हथियार बनाकर चुनाव क्षेत्रों का नक्शा बदलना चाहती है भाजपा : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परिसीमन को हथियार बनाकर लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 कर निर्वाचन क्षेत्रों को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार बदलते हुए विपक्षी दलों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व को प्रभावित करना चाहती है।श्री गांधी ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पहले से ही चुनावों में वोट चोरी कर रही है और अब उसने इसके लिए नया रास्ता निकालने की योजना बनायी है। लोकसभा की सीटें 850 करना लोकतंत्र को खत्म करने की भाजपा की योजना का प्रतीक है और इससे उसे देश के निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा अपनी सुविधा के अनुसार फिर से तैयार करने की व्यापक छूट मिल जायेगी।
उन्होंने कहा, “भाजपा अभी भी चुनावों में धांधली कर सकती है, लेकिन अब देश जानता है कि चुनावों में धांधली हो रही है। हमारे सर्वेक्षण के अनुसार देश के 80 प्रतिशत लोग और लगभग 100 प्रतिशत जेनरेशन जेड का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव चोरी करते हैं और अब उन्होंने बच निकलने का नया रास्ता तलाश किया है।”श्री गांधी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान कर चुके 14 करोड़ मतदाताओं को अब अयोग्य बताते हुए मतदाता सूची से हटा दिया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि निर्वाचन आयोग के अनुसार ये मतदाता अस्तित्व में ही नहीं थे अथवा मतदान के पात्र नहीं थे तो 2024 का लोकसभा चुनाव वैध कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से इस सवाल का जवाब मांगा है लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।
श्री गांधी ने परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी लोकसभा में 543 सीटें हैं और भाजपा इन्हें बढ़ाकर 850 करना चाहती है। उन्होंने कहा कि 543 सीटों के भीतर भी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करके राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा सकती है लेकिन 850 सीटें करने से भाजपा को कहीं अधिक बड़ा अवसर मिल जायेगा। इससे वह अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों को तोड़ने, जोड़ने, मतदाताओं को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित करने और विपक्षी नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों की संरचना बदलने में सक्षम होगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक निर्वाचन क्षेत्र में 26 लाख और दूसरे में 19 लाख मतदाता हैं।उन्होंने असम के निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रों के हिस्से भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए भी नहीं हैं। उनके अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों की ऐसी संरचना भाजपा के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है और इसी तरह देश के अन्य हिस्सों में भी किया जा सकता है।
श्री गांधी ने कहा कि परिसीमन का सवाल केवल लोकसभा में राज्यों की सीटों के हिस्से को स्थिर रखने का नहीं है बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद और सामाजिक न्याय से जुड़ा है। उनका कहना था कि भाजपा 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना चाहती है, जबकि कांग्रेस का मानना है कि इसके लिए 2027 की नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होना चाहिए।उन्होंने दावा किया कि नयी जनगणना से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की आबादी में वृद्धि सहित कई ऐसे तथ्य सामने आयेंगे, जिन्हें भाजपा सामने नहीं आने देना चाहती। श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि परिसीमन नवीनतम जनगणना के आधार पर हो, राज्यों के लोकसभा में मौजूदा हिस्से में कोई बदलाव नहीं किया जाए और महिला आरक्षण को 850 सीटों से जोड़ने के बजाय मौजूदा 543 सीटों पर लागू किया जाये। उन्होंने कहा कि परिसीमन आयोग के गठन और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल हैं।उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा नये सिरे से तैयार करने की खुली छूट देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक दशक से अधिक समय से देश को यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रही है कि वह वैध तरीके से चुनाव जीत रही है, जबकि कांग्रेस के अनुसार ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर पर्याप्त जानकारी जुटायी है और वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका से जुड़े तथ्यों को भी सामने लायेगी।श्री गांधी ने कहा, “हमने मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार को घेर लिया है। ज्ञानेश कुमार के बारे में हमारे पास पर्याप्त जानकारी है और वह बचकर नहीं निकल पायेंगे। भाजपा देश को तानाशाही की ओर ले जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।” कांग्रेस नेता ने ‘जेन जे’ को संबोधित करते हुए कहा “मोदी सरकार देश के युवा के भविष्य को बर्बाद करना चाहती है, देश के युवाओं की रोजगार को खत्म करना चाहती है, लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है लेकिन हम इनको छोड़ेंगे नहीं और आप जेन जे की ऊर्जा का इसके लिए पूरा इस्तेमाल किया जायेगा।”(वार्ता)
विरासत से वैश्विक पहचान तक: योगी ने बनारस बिनाले के मंच से रखी काशी के भविष्य की तस्वीर



