NationalPolitics

‘खटाखट’ वालों को अब चुनाव में ‘सफाचट’ करेगी जनता: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वाराणसी के नमो घाट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर सपा-कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव के दौरान संविधान और आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया तथा 2027 में भाजपा की जीत का दावा किया। मुख्यमंत्री ने यूपी में निवेश, रोजगार, स्टार्टअप, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा, औद्योगिक विकास और कानून-व्यवस्था में सुधार को सरकार की उपलब्धियां बताया। अयोध्या, काशी के विकास, बुंदेलखंड औद्योगिक क्षेत्र और राजनीतिक समीकरणों पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान एंटी-इंडिया फोर्सेस और तमाम एनजीओ की मदद से संविधान व आरक्षण को लेकर अफवाहें फैलाई गईं और जनता को कुछ देर के लिए धोखा देने का प्रयास हुआ। जो लोग चुनाव के बाद ‘खटाखट-खटाखट’ की बात करते थे, अब जनता जान चुकी है कि आगे के चुनाव में उन्हें ‘सफाचट-सफाचट’ करना है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन की गलतबयानी का जवाब देने के लिए उत्तर प्रदेश पूरी तरह तैयार है।

शनिवार को वाराणसी के नमो घाट पर एक टीवी मीडिया समूह से बातचीत में मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा पर कहा कि वे चाहते हैं कि विपक्ष उनकी पिच पर आकर खेले। दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है और जनता के बीच जाने से पहले ही वे हमारी नाव की सवारी शुरू करें तो उन्हें डुबोने में और मदद मिलेगी। जिस अयोध्या आंदोलन का उन्होंने विरोध किया, रामभक्तों पर गोली व लाठी-डंडे चलवाए, फर्जी मुकदमे दर्ज किए और दावा किया कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, आज वहां लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। वे अयोध्या जा रहे हैं तो प्रसन्नता है, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए।

बुलडोजर की स्टीयरिंग चलाने को चाहिए इच्छाशक्ति, पूरे यूपी में खिलेगा कमल
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर विपक्ष की चुनौती को खारिज करते हुए कहा कि गोरखपुर का अपना इतिहास है। वहां उन्होंने बुलडोजर की सवारी करने का प्रयास किया था, लेकिन भूल गए कि बुलडोजर सुनना आसान है, उसकी स्टीयरिंग हर व्यक्ति नहीं चला सकता। इसके लिए वैसी ही इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए। सपा सरकार रहते भी भाजपा गोरखपुर में चुनाव जीती और उनके प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवाई। वर्ष 2017, 2022 और 2024 में भाजपा ने सभी सीटें जीतीं। पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है और प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा व एनडीए को यही परिणाम मिलेगा।

सपा के डीएनए में उपद्रव व कर्फ्यू, जेन-जी को पता है अराजकता का अतीत
विपक्ष के पीडीए प्लस-प्लस समीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति विश्वसनीयता की होती है। दस वर्ष पहले यूपी के नौजवान के सामने पहचान का संकट था, गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था तथा बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे। जब भी सपा कोई आयोजन करती है तो उपद्रव जरूर होता है, क्योंकि उपद्रव, अराजकता, तोड़फोड़, लूटपाट, कब्जा और कर्फ्यू उनके डीएनए व जींस का हिस्सा है। बीमारू राज्य से उबरकर देश का ग्रोथ इंजन और तीन गुना अर्थव्यवस्था बना यूपी कभी अराजकता का दौर वापस नहीं आने देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा ने भले वह दौर न देखा हो, लेकिन उनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी और बुआ ने उस अराजकता को झेला है। अतीत को भुलाकर बेहतर भविष्य नहीं बन सकता। देश में सर्वाधिक युवा, छात्र और लगभग 26 करोड़ आबादी यूपी में है, फिर भी यहां न जेन-जी का आंदोलन हुआ, न छात्रों, किसानों या श्रमिकों का। इंडी गठबंधन, सपा और कांग्रेस ने लाख प्रयास किए, पर ‘दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है’। कल तक रोजगार पर डकैती डालने वाले और शिक्षा-स्वास्थ्य तंत्र नष्ट करने वाले डकैती के कपड़ों पर रंग चढ़ाकर जनता को भरमा नहीं सकते। जब प्रदेश में असंतोष व आंदोलन नहीं है तो मतदान पर नकारात्मक असर की कोई गुंजाइश नहीं है।

झूठ का पुलिंदा है सपा का घोषणापत्र, 3 लाख करोड़ के बजट में 4 लाख करोड़ की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने सपा के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि वर्ष 2012 में भी उन्होंने बेरोजगारी भत्ते की बात कही थी, लेकिन न भत्ता दिया, न नौकरी और न बेटियों को सुरक्षा। सपा सरकार के समय यूपी का वार्षिक बजट मात्र तीन लाख करोड़ रुपये था और आज वे चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि राजस्व का स्रोत नहीं बताते। उन्होंने कहा कि हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी व स्टार्टअप के माध्यम से जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी में केवल 120 स्टार्टअप थे, आज 25,000 से अधिक हैं। सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल मिलाकर भी जितनी सरकारी नौकरियां नहीं दी गईं, हमारी सरकार ने 2017 से 2026 के बीच उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र दिए और 100 गुना अधिक रोजगार सृजित किए। वर्ष 2016 में सपा सरकार को यूपी का इन्वेस्टर्स समिट दिल्ली के फाइव-स्टार होटल में करना पड़ा था क्योंकि कोई निवेशक यूपी आने को तैयार नहीं था। आज हमें 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 25 लाख करोड़ रुपये धरातल पर उतारकर 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार की गारंटी दी गई है। आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में यूपी का हिस्सा 14 प्रतिशत था, जो 2017 में घटकर सात प्रतिशत रह गया था। हमने कृषि के साथ मैन्युफैक्चरिंग को पुनर्जीवित किया और आज 96 लाख एमएसएमई इकाइयों से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।

कमल का फूल ही भाजपा का चेहरा, 2027 में फिर लगाएंगे हैट्रिक
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को तो खुश होना चाहिए कि उन्हें ‘कमल के फूल’ से लड़ना पड़ेगा। कमल के फूल ने उन्हें 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार चित किया है। भाजपा का हर कार्यकर्ता कमल के फूल को ही चेहरा बनाकर चुनावी मैदान में उतरता है। एमएलसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि यह व्यक्तिगत मतदाता पर निर्भर होता है। गोरखपुर में सपा लड़ाई में ही नहीं थी और तीसरे-चौथे स्थान पर रही, वहां भाजपा जीती। भाजपा ने पहले की तरह अपनी छह सीटें बरकरार रखीं, जबकि सपा पांच पर रही। वाराणसी की सीटों पर पूरी जानकारी ली गई है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद जितना विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भाजपा के विधायकों व सांसदों ने पहुंचाया है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। टिकट का निर्णय समय आने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पार्टी की चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड करेगा। अखिलेश पहले सपा और कांग्रेस का विवाद सुलझाएं; भाजपा एक बड़ा परिवार है और यूपी में फिर से हैट्रिक लगाएगी।

उत्तराखंड मेरी जन्मभूमि, कड़वे सवाल का इलाज कड़वी दवा से ही होगा
अखिलेश यादव द्वारा ‘उत्तराखंड के घुसपैठिया’ कहे जाने और फिर परिवार तक न जाने की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और मेरी जन्मभूमि भी। यदि वे प्रश्न और टिप्पणी करेंगे, तो जवाब मिलने पर परिवार तक न जाने की दुहाई नहीं चलेगी, क्योंकि ‘मीठा-मीठा गप और कड़वा-कड़वा थू’ समाजवादियों की पुरानी आदत है। उत्तराखंड देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वाधिक जवान भेजता है और मां गंगा व यमुना वहीं से आती हैं। ऐसे में क्या अखिलेश इसलिए गंगा-यमुना में स्नान नहीं करेंगे कि वे उत्तराखंड से आती हैं? कड़वी बीमारी का इलाज कड़वी दवा से ही होता है और उन्हें उसी भाषा में जवाब दिया गया जिसे वे समझते हैं।

युद्ध के मैदान में दिखेगा पुराना रूप, काशी से मदुरै तक एक ही आस्था का दीपक
अपने पुराने आक्रामक तेवर के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सामने युद्ध के मैदान में होंगे, तो वही रूप फिर देखने को मिलेगा। काशी के कायाकल्प पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी नए भारत के शिल्पकार हैं और अविनाशी काशी उनके अंतःकरण में बसती है। नमो घाट दुनिया का सबसे लंबा व बड़ा घाट और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का मॉडल है। भव्य काशी विश्वनाथ धाम, स्वच्छ घाट, चौड़ी सड़कें, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, इनलैंड वॉटरवे और देश का पहला अर्बन रोपवे काशी की बदलती तस्वीर हैं। अच्छे लोगों को चुनते हैं तो अच्छे परिणाम आते हैं। उन्होंने कहा कि काशी में मां गंगा के तट पर काशी तमिल संगमम् हो रहा है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मदुरै में दीपथून पर दीपम् जल रहा है। परंपराएं अलग-अलग हैं, पर आस्था का यह दीपक एक ही भाव से दोनों स्थानों को जोड़ रहा है।

तमंचे-कट्टे से निकलकर एके-203 और ब्रह्मोस बना रहा यूपी, बुंदेलखंड में बन रहा ‘बीडा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशक की पहली प्राथमिकता लैंड बैंक, कनेक्टिविटी और सुरक्षा है। हमने अपराध व भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस अपनाया और 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू कीं। संतृप्त क्षेत्रों की तुलना में आकांक्षी क्षेत्रों (पूर्वांचल और बुंदेलखंड) में अधिक इंसेंटिव दिए गए, जिससे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सभी 75 जिलों के लिए निवेश प्रस्ताव मिले। अकेले गोरखपुर में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए और 35,000 करोड़ रुपये धरातल पर उतारे गए।

उन्होंने कहा कि पहले सपा की सोच तमंचा और कट्टे तक सीमित थी, लेकिन आज यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल, वेब्ली स्कॉट और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। बुंदेलखंड के झांसी में बीडीएल (BDL) सेंटर आ रहा है और 56,000 एकड़ क्षेत्रफल में देश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर ‘बीडा’ (BIDA) विकसित किया जा रहा है।

सपा-कांग्रेस में चल रही नूरा-कुश्ती, 80 फीसदी सकारात्मक जनता भाजपा के साथ
सपा द्वारा जल्दबाजी में प्रत्याशी सूची जारी करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा में शह-मात का खेल और नूरा-कुश्ती चल रही है कि कौन बड़ा है और कौन छोटा। अपना कुनबा छिन्न-भिन्न होने के डर से वे जल्दी-जल्दी प्रत्याशी घोषित कर रहे हैं, जिन्हें बाद में बदलते रहेंगे। भाजपा अपना विजन वर्ष 2022 में ही सामने रखकर धरातल पर उतार चुकी है।

‘80-20’ और ‘बंटोगे तो कटोगे’ के संदेश पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी विकास का पक्षधर है, विरासत का सम्मान करता है और समृद्ध यूपी चाहता है, वह डबल इंजन सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। ऐसे 80 फीसदी से अधिक लोग भाजपा के पक्ष में हैं। जिन लोगों के अनैतिक धंधे व लूटपाट बंद हुए हैं, जो चूहे की तरह बिलों में दुबके हैं और जो सुरक्षित व उत्सव का माहौल नहीं चाहते, ऐसे 20 फीसदी नकारात्मक सोच वाले लोग सपा, बसपा, कांग्रेस, ओवैसी या चंद्रशेखर के साथ जाएंगे। चुनाव आने पर नए नारे भी सामने आएंगे।

ओवैसी के आने पर हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर देंगे तोहफा, दावत खाने वाले सोचें
असदुद्दीन ओवैसी की यूपी में सक्रियता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत बहुदलीय लोकतंत्र है और हर दल को चुनाव लड़ने व गठबंधन करने का अधिकार है। ब्रह्मोस मिसाइल देश के दुश्मनों के खिलाफ है, जिसका यूपी में उत्पादन हो रहा है। ओवैसी को मेरे खिलाफ बोलने का कोई मुद्दा नहीं मिलता क्योंकि मेरा वोट उनके पक्ष में नहीं जाना है, पर उनके वोट में सेंध लगाने से सपा-कांग्रेस चिंतित हैं। बिहार में सपा एक भी सीट नहीं जीत पाई, जबकि ओवैसी ने वहां पांच सीटें जीती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ओवैसी का समर्थन नहीं कर रहे, बल्कि उनके यहां आने पर बधाई देते हैं कि हम हैदराबाद को ‘भाग्यलक्ष्मीपुरम’ बनाकर उन्हें तोहफा जरूर देंगे। साथ ही जो लोग ओवैसी के साथ दावतें खाते हैं, उन्हें इस पर सोचना चाहिए और यह सच सामने आना चाहिए कि अंदरखाने किन मुद्दों पर बात हुई है, कहीं यह सपा-कांग्रेस की शह-मात की आड़ में तीसरा गठबंधन तो नहीं।

अफसरशाही व विधायकों में समन्वय, दिल्ली-लखनऊ तनाव की बात बेरोजगार लुटेरों की उपज
अफसरशाही पर भरोसे के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका विश्वास हर उस व्यक्ति पर है जो यूपी के विकास का पक्षधर है, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो या अधिकारी। हर जनप्रतिनिधि ने अपने क्षेत्र में विकास का मॉडल प्रस्तुत किया है। जनता उस सुशासन मॉडल को स्वीकार करती है जिसमें सुरक्षा और ईज ऑफ डूइंग हो। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यूपी में केवल राम मंदिर ही नहीं बना, बल्कि ‘राम राज्य’ की परिकल्पना भी साकार हुई है।

केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक योगी हैं और यूपी की जिम्मेदारी संभालते हुए पीएम मोदी के मार्गदर्शन में टीम यूपी के साथ मिलकर प्रदेश को बीमारू राज्य से देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्था बनाया है। यूपी विकसित होगा तो भारत विकसित होगा और वे इसके एक सामान्य सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं। दिल्ली और लखनऊ में तनाव की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ये बातें वे लोग कर रहे हैं जो यूपी से बेरोजगार हो चुके हैं। जिनकी लूट-खसोट और डकैती के रास्ते बंद हो गए हैं, वे चौराहों व मंचों पर मनगढ़ंत अनुमान लगा रहे हैं।

पौने 10 लाख करोड़ का बजट और 85 मेडिकल कॉलेज, शिक्षा-स्वास्थ्य में रचा इतिहास
सामाजिक ढांचे पर खर्च के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2016-17 में यूपी का बजट तीन लाख करोड़ रुपये था, जो आज पौने 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यूपी देश का एकमात्र राज्य है जिसका पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है और अकेले शिक्षा पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहा है। आजादी से वर्ष 2016-17 तक यूपी में केवल 32 मेडिकल कॉलेज थे, आज 85 मेडिकल कॉलेज कार्य कर रहे हैं।

अब यूपी की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिवीजन वन स्टेट यूनिवर्सिटी’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से होती है। ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ से 1,56,000 बेसिक विद्यालयों में 36 मानक पूरे हुए और ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ से इंटर कॉलेजों का कायाकल्प हुआ। यूपी में पहली बार मेडिकल, आयुष और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनीं। वर्ष 2017 से पहले एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, आईओटी, स्पेस टेक्नोलॉजी और 3डी प्रिंटिंग का कोई पाठ्यक्रम नहीं था, जिसे हमने सिलेबस का हिस्सा बनाया।

काशी और तमिलनाडु का संगम केवल संस्कृति नहीं, भारत की आत्मा का मिलन है : योगी

सीएम योगी की गोरखपुर को बड़ी सौगात, 17,650 करोड़ के निवेश संग 104 परियोजनाओं का शुभारंभ

Related Articles

Back to top button