सीएम योगी की गोरखपुर को बड़ी सौगात, 17,650 करोड़ के निवेश संग 104 परियोजनाओं का शुभारंभ
गोरखपुर में गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित औद्योगिक निवेश से पूर्वांचल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच कंपनियों के साथ निवेश एमओयू करेंगे तथा 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु उद्योग और मत्स्य आहार उत्पादन में निवेश होगा। औद्योगिक प्रदर्शनी एवं व्यापार मेले में विदेशी खरीदारों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलने की संभावना है।
गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। तीन दिवसीय यह आयोजन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक चलेगा। समारोह में गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का पांच कंपनियों के साथ एमओयू होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देंगे। औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले और बायर्स-सेलर्स मीट का भी शुभारंभ होगा।
पांच कंपनियां करेंगी 17,650 करोड़ रुपये का निवेश
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल कुमार के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष पांच कंपनियों के साथ निवेश संबंधी एमओयू का आदान-प्रदान किया जाएगा। प्रस्तावित निवेश हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण, आसवनी और मत्स्य आहार उत्पादन जैसे क्षेत्रों में होगा।
इसमें एक्मे कंपनी ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड की दवा निर्माण परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, आर्बिट ग्रुप की आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये तथा एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज की आसवनी परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। वहीं, दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड मत्स्य आहार उत्पादन परियोजना में 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इन परियोजनाओं से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
502 करोड़ की 104 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री गीडा और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के लिए 104 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। परियोजनाओं के तहत सड़कों, विद्युत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री 126.23 करोड़ रुपये के 19 सिविल कार्यों और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत एवं अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं, 272.30 करोड़ रुपये के 44 सिविल कार्यों और 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत एवं अन्य कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में औद्योगिक क्षेत्रों में चौड़ी सड़कों और विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े कार्यों के साथ श्रमिकों के लिए लेबर डॉरमेट्री का निर्माण भी शामिल है।
विदेश से भी आएंगे खरीदार, लगेंगे करीब 60 स्टॉल
स्थापना दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले और बायर्स-सेलर्स मीट का आयोजन भी किया जाएगा। इस बार पहली बार विदेश से खरीदार गीडा पहुंचेंगे। जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों से भी खरीदार और कारोबारी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
औद्योगिक प्रदर्शनी में करीब पांच दर्जन स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें गारमेंट पार्क और प्लास्टिक पार्क में तैयार उत्पादों के साथ फर्नीचर, स्टार्टअप और ओडीओसी (एक जिला, एक व्यंजन) से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य गीडा में निर्मित उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ना और स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों के साथ सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है।
गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से स्थापित होगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश मत्स्य क्षेत्र में निवेश आधारित विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। मत्स्य आहार निर्माता कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर में अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित करेगी। परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 150 करोड़ व द्वितीय चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह इकाई गीडा के सेक्टर-27 मे स्थापित होगी। इससे 500 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रविवार को गोरखपुर में प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा।
मीन महोत्सव में मिले प्रस्ताव अब धरातल पर
मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि यह पहल फरवरी 2025 में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान किए गए निवेश प्रोत्साहन प्रयासों का परिणाम है। इस आयोजन के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में लगभग 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इसके अतिरिक्त, मत्स्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं विकास के उद्देश्य से कई अन्य निवेश प्रस्ताव भी वर्तमान में पाइपलाइन में हैं।
उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का होगा निर्माण
कंपनी के प्रबंध निदेशक अडुसुमिली वेंकट सुब्रमण्यम ने बताया कि गोरखपुर संयंत्र में आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र की स्थापना से मत्स्य आहार की गुणवत्ता एवं दक्षता में सुधार होगा, मछलियों की उत्पादकता बढ़ेगी तथा मत्स्य पालकों की आय एवं लाभप्रदता में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तर भारत एवं पूर्वी भारत के विभिन्न बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। साथ ही पड़ोसी देशों में निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से गोरखपुर के औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा मत्स्य क्षेत्र की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला (फिशरीज वैल्यू चेन) को मजबूती मिलेगी।
मत्स्य पालकों, उद्यमियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए विकास, रोजगार एवं समृद्धि के खुलेंगे नए द्वार
डीजी मत्स्य ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश की संभावनाओं को धरातल पर विकास की वास्तविक उपलब्धियों में परिवर्तित कर रहा है। इससे मत्स्य पालकों, उद्यमियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए विकास, रोजगार एवं समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे। इस महत्वपूर्ण निवेश को साकार करने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व व अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के सक्रिय एवं प्रभावी प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। निरंतर निवेश प्रोत्साहन एवं कई अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश आधुनिक जलीय कृषि (मॉडर्न एक्वाकल्चर), मत्स्य आहार विनिर्माण तथा मत्स्य आधारित आर्थिक विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दोना-पत्तल, पॉपकॉर्न और शहद का कारोबार, योगी सरकार की योजना से बेरोजगारों को मिला नया सहारा



