NationalState

तिरुप्परनकुंद्रम में दीप जलेगा, सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश, अधिकारियों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप

तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया है। अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट के आदेश पर लगी रोक हटाते हुए मंदिर और दरगाह की सुरक्षा के लिए CRPF तैनात करने को कहा। साथ ही तमिलनाडु के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया गया। भाजपा ने फैसले को भक्तों की ऐतिहासिक जीत बताया, जबकि DMK, वामपंथी दलों और VCK ने आदेश पर चिंता जताई है।

नयी दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम मामले में शुक्रवार को एक बेहद अहम आदेश पारित करते हुए कल शनिवार को ‘दीपथून’ (दीप स्तंभ) पर दीप जलाने का निर्देश दिया और मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश पर लगी रोक हटाते हुए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर प्रत्येक श्रद्धालु को दीप जलाने की अनुमति होगी। अदालत ने मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को तैनात करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही न्यायालय ने सुब्रमण्यमस्वामी मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित कर दिया है और पूर्व न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन तथा न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है।

न्यायालय ने जिन अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है, उनमें तमिलनाडु के मुख्य सचिव, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (एचआर एंड सीई) विभाग के सचिव, तमिलनाडु के डीजीपी, मदुरै के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और मंदिर बोर्ड के सदस्य शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों को 15 दिसंबर को निजी रूप से अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है।

दीपम विवाद: नितिन नवीन ने उच्चतम न्यायालय के आदेश को बताया ‘भगवान मुरुगन के हर भक्त की ऐतिहासिक जीत’

तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जारी विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने न्यायालय के आदेश को भगवान मुरुगन के भक्तों की ऐतिहासिक जीत बताते हुए तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सरकार पर धार्मिक परंपराओं के प्रति विरोध का आरोप लगाया है। वहीं, डीएमके, वामपंथी दलों और विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) ने न्यायालय के आदेश पर चिंता जताई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए इसे भगवान मुरुगन के प्रत्येक भक्त की ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम स्थित दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश और राजनीतिक नेतृत्व के प्रभाव में काम करने के आरोपों पर न्यायालय की टिप्पणी तमिलनाडु सरकार की सनातन विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि भारत की पवित्र परंपराओं को कोई राजनीतिक साजिश नहीं रोक सकती।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में तमिलनाडु सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्तिगई दीपम विवाद जानबूझकर पैदा किया गया है, क्योंकि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सनातन परंपराओं और हिंदू समुदाय के प्रति नफरत रखते हैं। भाटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संविधान की रक्षा की शपथ लेने के बावजूद धार्मिक भावनाओं और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मामले में प्रथम दृष्टया जानबूझकर आदेश की अवहेलना की है। उन्होंने राहुल गांधी और वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों पर भी हिंदू धार्मिक अधिकारों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने फैसले का स्वागत किया
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय के निर्देश से भक्तों की भावनाओं को राहत मिली है। उन्होंने राज्य सरकार और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए तथा दीपम जलाने के निर्देश का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने संकेत दिया कि आदेश का पालन नहीं होने पर फिर न्यायालय का रुख किया जा सकता है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने सरकार से हठ छोड़कर भगवान मुरुगन के भक्तों की आस्था का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्यायालय का आदेश बाध्यकारी है और इसे किसी बातचीत या राजनीतिक निर्णय के विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे पीछे हटें और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण ढंग से दीप जलाने दें।

भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत किया। भाजपा नेता सी.आर. केशवन ने इसे करोड़ों भगवान मुरुगन भक्तों की आस्था और भावनाओं की बड़ी जीत बताया।

डीएमके ने सरकार की कानूनी विफलता पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, डीएमके अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस घटनाक्रम को तमिलनाडु सरकार की कानूनी विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर कानूनी पक्ष के कारण राज्य के अधिकारों और मंदिर प्रशासन से जुड़े मामलों में सरकार को कठिन स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और लोगों से धार्मिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

वामपंथी दलों और वीसीके ने जताई चिंता
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम निर्देश पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे संघीय व्यवस्था से जुड़ा मामला बताया। पार्टी के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने कहा कि अंतिम निर्णय से पहले इस तरह का व्यापक अंतरिम आदेश चिंता पैदा करता है। उन्होंने धार्मिक तनाव बढ़ने की आशंका जताते हुए संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और मानवता की रक्षा की अपील की।

वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने भी न्यायालय की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि मामले में इतनी जल्दबाजी और सख्ती क्यों दिखाई गई तथा क्या इसे न्यायालय की प्रतिष्ठा या अहं से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने आदेश के सामाजिक प्रभाव और राज्य सरकार के अधिकारों को लेकर चिंता जताई।

इस प्रकार कार्तिगई दीपम विवाद अब धार्मिक परंपरा, श्रद्धालुओं की आस्था, न्यायालय के आदेश, राज्य सरकार की भूमिका और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का विषय बन गया है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम स्थित दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया है और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा संबंधी कदम भी निर्धारित किए हैं।(वार्ता)

खादी खरीदने का सुनहरा मौका: यूपी खादी महोत्सव में 6 दिसंबर तक 30% छूट, 150 स्टॉल आकर्षण का केंद्र

Related Articles

Back to top button