NationalState

पीएम मोदी का बड़ा संदेश-अब रुकना नहीं, थकना नहीं; बिहार को बनाना है समृद्ध और आत्मनिर्भर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में नीतीश सेतु सहित बिहार की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने सड़क, बिजली, निवेश, शिक्षा, गरीब कल्याण और रोजगार से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।

वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास को लेकर कहा कि राज्य अब बदहाली से निकलकर विकास, निवेश और सुशासन की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार में विकास की गति तेज हुई है और सड़क, ऊर्जा, सिंचाई, शिक्षा, आवास तथा शहरी परिवहन जैसे क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

शुक्रवार को वैशाली में नीतीश सेतु सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहारवासियों को कई हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं तथा जनता के विश्वास को विकास के माध्यम से मजबूत किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और जगत के कल्याण की कामना की है। अब छठी मईया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर रही है और इस अवसर पर लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को कार्यक्रम के लिए चुना गया है। प्रधानमंत्री ने बिहार की मिट्टी को नमन करते हुए एनडीए के सभी घटक दलों, कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

नीतीश सेतु से पटना और वैशाली के बीच आवागमन होगा आसान

प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज को जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। मोदी ने कहा कि यह पुल बिहारवासियों की ओर से नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि पुल बनने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। किसानों की फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। विद्यार्थियों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे का लोकार्पण किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में आधुनिक सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया, जिन पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

ऊर्जा और शहरी विकास को मिल रही गति

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी बदल रही है। बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के ट्रांसमिशन सिस्टम, फुलवरिया बांध और सोलर ऊर्जा परियोजना जैसे कार्य राज्य के विकास को नई दिशा देंगे।

उन्होंने कहा कि एक समय बिहार के हजारों गांव बिजली से वंचित थे, लेकिन अब राज्य बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबी भी सौंपी गई।

निवेश, रोजगार और शिक्षा पर सरकार का जोर

प्रधानमंत्री ने बिहार में निवेश की बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार के पिछले एक वर्ष में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए गए हैं। गया में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। मोतिहारी सहित बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल की गई है। सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में एक वर्ष के दौरान 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं, जबकि बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार से लेकर नालंदा, गया, शाहाबाद, कैमूर और पटना तक विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार के दौरान बिहार में निवेश और विकास की चर्चा बढ़ी है तथा अपराध और घोटालों के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

गरीब कल्याण योजनाओं से बदली लोगों की जिंदगी

मोदी ने केंद्र सरकार की गरीबी उन्मूलन योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त अनाज, पक्के मकान, मुफ्त इलाज, शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन को आसान बनाया गया है।

प्रधानमंत्री के अनुसार, बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं और अगस्त में ही 11 लाख अतिरिक्त घरों को मंजूरी मिली है। प्रदेश के करीब 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं। स्वयं सहायता समूहों को दिए गए सहयोग से बिहार की 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से गरीब परिवारों में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे गरीबी से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।

आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार बनाने का आह्वान

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में एनडीए के सभी घटक दलों से मिलकर बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में न रुकना है और न थकना है, बल्कि जनता के विश्वास के साथ आगे बढ़ते रहना है।

प्रधानमंत्री ने बिहारवासियों के उत्साह और स्वागत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं में विकास को लेकर जागरूकता और उमंग देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई है। उन्होंने वैशाली की धरती से बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

खेतों से उद्योगों तक नई क्रांति की तैयारी, लखनऊ में खुलेगा यूपी का पहला निफ्टेम सेंटर

Related Articles

Back to top button